Newshaat_Logo

गया में आमस-दरभंगा एक्सप्रेस-वे पर पुल और अंडरपास निर्माण की मांग, ग्रामीणों ने NHAI के खिलाफ किया प्रदर्शन

आमस-दरभंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण के बीच स्थानीय ग्रामीणों ने चेनज 34+050 पर पुल के साथ अंडरपास निर्माण कराने की मांग उठाई है।
 
गयाजी

गयाजी: आमस-दरभंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण के बीच स्थानीय ग्रामीणों ने चेनज 34+050 पर पुल के साथ अंडरपास निर्माण कराने की मांग उठाई है। इस संबंध में पंचानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खनेटू के ग्रामीण जनता की ओर से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के परियोजना पदाधिकारी, औरंगाबाद (बिहार) को लिखित आवेदन सौंपकर जनहित में आवश्यक निर्माण कार्य कराने की मांग की गई है। इस दौरान उन्होंने जमकर प्रदर्शन भी किया।

ग्रामीणों ने आवेदन में बताया है कि आमस-दरभंगा एक्सप्रेस-वे के चेनज 34+050 पर पुल और अंडरपास की समुचित व्यवस्था नहीं होने से आसपास के गांवों के लोगों को भविष्य में आवागमन की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ सकता है। खासकर किसानों, मजदूरों और आम ग्रामीणों के लिए यह बेहद महत्वपूर्ण मुद्दा है। क्षेत्र के किसानों को कृषि कार्य के लिए अपने खेतों तक पहुंचने में नदी पार करनी पड़ती है। वहीं, मजदूरों और स्थानीय लोगों को भी एक स्थान से दूसरे स्थान तक आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि एक्सप्रेस-वे का निर्माण होने के बाद यदि स्थानीय लोगों की जरूरतों के अनुरूप पुल और अंडरपास का निर्माण नहीं कराया गया तो गांवों का आपसी संपर्क प्रभावित हो सकता है। किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने, कृषि उपकरण ले जाने और फसल की ढुलाई करने में परेशानी होगी। यहां तक खेत बंजर भी पड़ जाएंगे। वहीं, ग्रामीणों के दैनिक आवागमन पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

ग्रामीणों ने श्मशान घाट तक पहुंचने की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, किसी व्यक्ति के निधन के बाद अंतिम संस्कार के लिए शव को श्मशान घाट तक ले जाने में परेशानी होती है। ऐसे में पुल और अंडरपास का निर्माण स्थानीय लोगों के लिए बेहद आवश्यक है। यह केवल आवागमन की सुविधा नहीं, बल्कि ग्रामीणों की सामाजिक जरूरत और बुनियादी अधिकारों से जुड़ा मामला है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि आमस-दरभंगा एक्सप्रेस-वे के चेनज 34+050 पर स्थानीय भौगोलिक स्थिति और ग्रामीणों की जरूरतों को देखते हुए पुल के साथ अंडरपास का भी निर्माण कराया जाए। इससे किसानों को खेतों तक पहुंचने, मजदूरों को आवागमन करने और ग्रामीणों को श्मशान घाट तक जाने में सहूलियत मिलेगी। साथ ही गांवों के बीच संपर्क बना रहेगा और भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न नहीं होगी।

ग्रामीणों ने NHAI के परियोजना पदाधिकारी से इस मांग को गंभीरता से लेते हुए स्थल का निरीक्षण कराने और निर्माण योजना में पुल एवं अंडरपास को शामिल करने की अपील की है। उनका कहना है कि आमस-दरभंगा एक्सप्रेस-वे जैसी महत्वपूर्ण परियोजना का लाभ स्थानीय जनता को भी मिलना चाहिए। विकास के नाम पर ग्रामीणों के पारंपरिक रास्ते और जरूरी आवागमन बाधित नहीं होने चाहिए।

ग्रामीणों ने विभाग से जल्द सकारात्मक पहल करने की मांग करते हुए कहा कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद समस्या उत्पन्न होने से बेहतर है कि अभी ही ग्रामीणों की जरूरतों के अनुसार पुल और अंडरपास की व्यवस्था सुनिश्चित कर दी जाए। इससे क्षेत्र के लोगों को लंबे समय तक राहत मिलेगी।