डिजिटल पोर्टल से कलाकारों को सीधा लाभ, बिहार सरकार की नई पहल
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन से मिलेंगी सरकारी सुविधाएं
इस पोर्टल पर गीत, संगीत, नृत्य, नाटक, चित्रकला, शिल्प, लेखन सहित हर तरह की कला से जुड़े कलाकार घर बैठे पंजीकरण करा सकते हैं। रजिस्ट्रेशन के बाद कलाकारों को सरकारी योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता मिलेगी और साथ ही उन्हें सरकारी कार्यक्रमों में अपनी कला दिखाने का मौका भी दिया जाएगा।
उम्र की कोई सीमा नहीं
सरकार ने साफ किया है कि पंजीकरण के लिए उम्र की कोई पाबंदी नहीं है। जिले के कवि, लेखक, गायक, नर्तक, वादक, उद्घोषक, चित्रकार, शिल्पकार और अन्य सभी कलाकार कभी भी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इससे युवा कलाकारों के साथ-साथ वरिष्ठ कलाकारों को भी बराबर का लाभ मिलेगा।
50 साल से ऊपर के कलाकारों को पेंशन
राज्य सरकार ने कलाकारों के लिए मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना शुरू की है। इस योजना के तहत 50 वर्ष या उससे अधिक उम्र के पात्र कलाकारों को हर महीने 3000 रुपये की पेंशन सीधे बैंक खाते में दी जाएगी। जिले से अब तक कुछ कलाकारों ने इस योजना के लिए आवेदन भी कर दिया है।
कला भवन और प्रशिक्षण की सुविधा
कला संस्कृति विभाग कलाकारों की प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस कला भवन तैयार कर रहा है। यहां कलाकारों को प्रशिक्षण दिया जाएगा और अपनी कला को निखारने का अवसर मिलेगा।
पंजीकरण जरूरी, तभी मिलेगा मंच
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जो कलाकार ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकृत नहीं होंगे, उन्हें प्रखंड, जिला या राज्य स्तर के सरकारी कार्यक्रमों में शामिल नहीं किया जाएगा। इसलिए सभी कलाकारों से अपील की गई है कि वे समय रहते पंजीकरण कराकर सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ उठाएं।
कला संस्कृति पदाधिकारी ने बताया कि डिजिटल पंजीकरण से कलाकारों को सीधा फायदा मिलेगा और सरकार उनकी कला और आजीविका को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।







