जनता दरबार से सीधा कनेक्शन, दिल्ली तक एक्शन! CM सम्राट चौधरी का डबल अटैक- जन समस्याओं पर तुरंत सुनवाई, PM मोदी से मुलाकात के संकेत
हाल ही में पहला जनता दरबार लगाने के बाद आज एक बार फिर मुख्यमंत्री लोगों से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान राज्यभर से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
जनता दरबार के बाद होगी बड़ी समीक्षा बैठक
सूत्रों के मुताबिक, जनता दरबार खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। इस बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों की प्रगति और प्रशासनिक व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। उम्मीद है कि कई अहम फैसले भी लिए जा सकते हैं।
दिल्ली दौरे की चर्चा, पीएम से मुलाकात संभव
इसी बीच यह भी चर्चा है कि सम्राट चौधरी आज दिल्ली का दौरा कर सकते हैं, जहां उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हो सकती है। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला दिल्ली दौरा होगा, जिसे राजनीतिक तौर पर काफी अहम माना जा रहा है।
नीतीश कुमार की परंपरा को दे रहे नया रूप
दरअसल, ‘जनता दरबार’ की शुरुआत साल 2006 में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने की थी। अब सम्राट चौधरी उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इसे नए अंदाज में लागू कर रहे हैं, जहां फोकस सिर्फ सुनवाई नहीं, बल्कि त्वरित समाधान पर है।
सरकार का मानना है कि इस पहल से प्रशासनिक जवाबदेही बढ़ेगी और आम लोगों को बिना देरी के राहत मिलेगी। ऐसे में सम्राट चौधरी का यह कदम उनकी कार्यशैली और प्राथमिकताओं का साफ संकेत माना जा रहा है।







