Newshaat_Logo

पटना से जल्द शुरू होगी काठमांडू, दुबई और बैंकॉक के लिए सीधी फ्लाइट्स, भाजपा सांसद ने दिए कई निर्देश

 
पटना से जल्द शुरू होगी काठमांडू, दुबई और बैंकॉक के लिए सीधी फ्लाइट्स, भाजपा सांसद ने दिए कई निर्देश
Newshaat Desk: पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आज सोमवार को एयरपोर्ट सलाहकार समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। पटना साहिब के भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद की अध्यक्षता में हुई यह बैठक एयरपोर्ट की नई बिल्डिंग बनने के बाद पहली आधिकारिक मीटिंग थी। इसमें दीघा विधायक डाॅ संजीव चौरसिया, एयरपोर्ट निदेशक चंद्र प्रताप द्विवेदी, पटना डीएम त्यागराजन एसएम और कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक में मुख्य रूप से यात्रियों की बढ़ती संख्या और सुविधाओं के तालमेल पर चर्चा की गई।

सांसद रविशंकर प्रसाद ने बैठक के बाद कहा कि वर्तमान में पटना एयरपोर्ट से सालाना लगभग 40 लाख यात्री सफर कर रहे हैं, जिनकी संख्या भविष्य में 1 करोड़ तक पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए रनवे का विस्तार करना बेहद अनिवार्य हो गया है। उन्होंने बताया कि इस दिशा में भारत सरकार और बिहार सरकार मिलकर काम कर रही हैं। रनवे के लिए जो जमीन चिह्नित की गई है, उस पर एक विशेष कमेटी जल्द ही दौरा कर अंतिम निर्णय लेगी।

बिहार के विकास को नई ऊंचाई देने के लिए पटना से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने पर भी गंभीरता से विचार किया गया। सांसद ने बताया कि उनकी उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से सकारात्मक बात हुई है। राज्य सरकार ने आश्वासन दिया है कि पटना से काठमांडू, बैंकॉक और दुबई जैसे शहरों के लिए सीधी उड़ानें शुरू करने हेतु विमानन कंपनियों को वित्तीय रिबेट (छूट) देने पर भी विचार किया जा रहा है। इससे बिहार के लोगों को विदेश यात्रा के लिए दिल्ली या कोलकाता नहीं जाना होगा। बैठक में एक और सराहनीय निर्णय लिया गया कि पटना एयरपोर्ट पर बिहार के स्थानीय उत्पादों को विशेष स्थान दिया जाएगा। सांसद ने निर्देश दिया कि मधुबनी पेंटिंग्स, हस्तशिल्प और बिहार के अन्य प्रसिद्ध उत्पादों के लिए एयरपोर्ट पर विशेष स्टॉल और डिस्प्ले जोन बनाए जाएं। इससे न केवल बिहार की संस्कृति का प्रचार होगा, बल्कि स्थानीय कारीगरों को एक बड़ा बाजार और पहचान भी मिलेगी।

सांसद रविशंकर प्रसाद ने पटना जिला प्रशासन, पटना नगर निगम और एयरपोर्ट अथॉरिटी के बीच समन्वय की प्रशंसा की। उन्होंने जोर देकर कहा कि एयरपोर्ट के विस्तार का काम समयबद्ध तरीके से पूरा होना चाहिए ताकि यात्रियों को जाम और भीड़भाड़ से निजात मिल सके। उन्होंने विश्वास दिलाया कि केंद्र सरकार पटना एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।