Newshaat_Logo

छठ व्रतियों के बीच श्री रामानुज मठ की ओर से पूजन सामग्री का वितरण, नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव IPS ने की पहल की सराहना

लोक आस्था एवं सूर्योपासना के महापर्व छठ के पावन अवसर पर श्री रामानुज मठ, देवघाट, गया की ओर से नहाय-खाय के शुभ अवसर पर श्री सूर्यकुंड परिसर में छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री का वितरण किया गया
 
ISA

गया: लोक आस्था एवं सूर्योपासना के महापर्व छठ के पावन अवसर पर श्री रामानुज मठ, देवघाट, गया की ओर से नहाय-खाय के शुभ अवसर पर श्री सूर्यकुंड परिसर में छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम श्री रामानुजाचार्य मठ के महंत स्वामी वेंकटेश प्रपन्नाचार्य जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ गया के नगर पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव IPS ने अपने करकमलों द्वारा छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री वितरित कर किया। इस अवसर पर लगभग 100 से 150 छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री का वितरण किया गया।

इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव IPS ने श्री रामानुज मठ द्वारा की गई इस सामाजिक एवं धार्मिक पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि छठ जैसे महान लोक आस्था के पर्व पर व्रतियों के बीच पूजन सामग्री का वितरण करना अत्यंत सराहनीय एवं पुण्य का कार्य है। इस प्रकार की पहल से समाज में सेवा, सहयोग, समरसता एवं मानवीय संवेदना की भावना मजबूत होती है। उन्होंने इस पुनीत कार्य के लिए महंत स्वामी वेंकटेश प्रपन्नाचार्य जी के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए मठ के इस सेवा-संकल्प की सराहना की।

इस अवसर पर महंत स्वामी वेंकटेश प्रपन्नाचार्य जी ने सभी छठ व्रतियों एवं गया वासियों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठ पर्व भारतीय संस्कृति, लोक आस्था, पवित्रता, संयम, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनुपम प्रतीक है। भगवान सूर्य एवं छठी मैया की आराधना के माध्यम से संपूर्ण समाज के सुख, शांति, स्वास्थ्य, समृद्धि एवं कल्याण की मंगलकामना की जाती है।

उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं आध्यात्मिक संस्थाओं का दायित्व केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा, सहयोग और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देना भी धर्म का महत्वपूर्ण अंग है। श्री रामानुज मठ सदैव आध्यात्मिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों के प्रति समर्पित रहा है। इसी सेवा भावना से छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में चैंबर ऑफ कॉमर्स के डॉ. कौशलेंद्र प्रताप सिंह, अधिवक्ता उमेश सिंह, प्रद्युम्न कुमार सिंह, बलराम जी ,विशाल जी, कमलेश गुर्दा जी, मणिलाल बारीक जी, अश्विनी सिंह, श्री राजाराम द्विवेदी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में स्वामी वेंकटेश प्रपन्नाचार्य जी ने नगर पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव IPS सहित उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों, सहयोगियों एवं समाजसेवियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा भगवान सूर्य एवं छठी मैया से समस्त गया वासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।

श्री रामानुज मठ की इस सराहनीय पहल ने छठ महापर्व के अवसर पर धर्म के साथ सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता का प्रेरणादायी संदेश दिया।