विचलित कर देगी घटना: नालंदा में 5 साल के मासूम लड़के से घिनौनी हैवानियत, मां ने अपने ही बेटे को खून से लथपथ देख रह गई दंग...
Nalanda: आरोपी ने चॉकलेट और बिस्कुट का लालच देकर बच्चे को बहलाया. यह घटना गुरुवार शाम को हुई, जिससे पूरे इलाके में आक्रोश है...
Jan 24, 2026, 16:50 IST
Nalanda: बिहार के नालंदा जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र के एक गांव में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है. जहां 5 साल के मासूम बच्चे के साथ अप्राकृतिक यौनाचार की वारदात हुई, जिसमें आरोपी ने चॉकलेट और बिस्कुट का लालच देकर बच्चे को बहलाया.
यह घटना गुरुवार शाम को हुई, जिससे पूरे इलाके में आक्रोश है. ग्रामीणों के अनुसार आरोपी गांव का ही 20 वर्षीय युवक है, जो खेती-बाड़ी करता है और उसका एक छोटा बच्चा भी है.
मां को मिला खून से लथपथ बेटा: पीड़ित बच्चे की मां ने बताया कि बच्चा शाम को घर के पास खेल रहा था, लेकिन अचानक लापता हो गया. शाम को जब वह खेत में शौच के लिए गई, तो एक बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी. दौड़कर पहुंचने पर उसने देखा कि उसका बेटा ही खून से लथपथ होकर रो रहा था.
बच्चे की हालत देखकर मां घबरा गई और उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई. प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को बेहतर इलाज के लिए बिहारशरीफ के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
"गुरुवार की शाम बेटा घर के पास ही खेल रहा था, उसके बाद अचानक लापता हो गया. जब शाम को खेत में शौच के लिए जा रही थी, तो एक बच्चे की रोने का आवाज सुनी, तो दौड़कर देखने गई, वहीं कोई और नहीं मेरा बेटा ही रोता हुआ मिला, जो खून से लथपथ था."- पीड़ित बच्चे की मां
बच्चे ने बताई पूरी वारदात: अस्पताल में बच्चे ने अपनी मां को पूरी घटना बताई. उसने कहा कि गांव का ही एक 20 वर्षीय युवक उसे बिस्कुट और चॉकलेट दिलाने के बहाने ले गया था. आरोपी ने बच्चे को खेत में ले जाकर अप्राकृतिक यौनाचार किया. बच्चे के मुंह से आवाज न निकले, इसलिए आरोपी उसे बिस्कुट खिलाता रहा. जब बच्चा रोने लगा तो आरोपी उसे खून से लथपथ छोड़कर फरार हो गया. बच्चे की यह आपबीती सुनकर परिवार और ग्रामीण स्तब्ध रह गए.
ग्रामीणों में आक्रोश: इस घटना को लेकर ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी का एक छोटा बच्चा होने के बावजूद उसने इतनी हैवानियत दिखाई, जो बेहद निंदनीय है. लोग बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और इलाके में बेहतर निगरानी की मांग कर रहे हैं.
बच्चे की हालत गंभीर: बच्चे की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है. इस घटना ने एक बार फिर समाज के सामने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि मासूम बच्चों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाए.
आरोपी फरार, पुलिस ने शुरू की तलाश: सरमेरा थानाध्यक्ष सकेंद्र कुमार बिंद ने मामले की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि पीड़ित बच्चे और उसकी मां के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है और उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. थानाध्यक्ष ने कहा कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. मामले की गहन जांच चल रही है ताकि दोषी को सख्त सजा मिल सके.
"पुलिस पीड़ित बच्चे और मां के ब्यान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है. जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा."-सकेंद्र कुमार बिंद, थानाध्यक्ष, सरमेरा







