Newshaat_Logo

स्वस्थ समाज की मजबूत नींव हैं डॉक्टर, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार जरूरी: श्रवण कुमार

पुनपुन में ‘स्वास्थाकामना इमरजेंसी हॉस्पिटल’ का मंत्री श्रवण कुमार ने किया उद्घाटन, बोले- निजी क्षेत्र की पहल से मजबूत हो रही स्वास्थ्य व्यवस्था
 
स्वस्थ समाज की मजबूत नींव हैं डॉक्टर, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार जरूरी: श्रवण कुमार

 

Bihar news: बिहार में स्वास्थ्य सुविधाओं को आम लोगों तक बेहतर तरीके से पहुंचाने की जरूरत पर जोर देते हुए ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री तथा जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में डॉक्टरों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों को समाज में भगवान का दूसरा रूप माना जाता है और वे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य देने के साथ स्वस्थ समाज की नींव मजबूत करने में निर्णायक भूमिका निभाते हैं।

Patna

मंत्री श्रवण कुमार ने शुक्रवार को पटना के पुनपुन में डॉ. कार्तिक कुमार और डॉ. शालिनी के स्वास्थाकामना इमरजेंसी हॉस्पिटल का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी समाज के विकास के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता बेहद जरूरी है।

आम लोगों तक पहुंचें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं

मंत्री ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और उन्हें आम जनता के लिए अधिक सुलभ बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में लोगों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके, इसके लिए सरकारी प्रयासों के साथ निजी क्षेत्र की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है।

Patna

उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र में नए अस्पताल और स्वास्थ्य संस्थानों की स्थापना से लोगों को अपने आसपास ही उपचार की बेहतर सुविधा मिलती है। ऐसे प्रयास राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत बनाने में मददगार साबित होते हैं।

डॉक्टरों की भूमिका को बताया अहम

श्रवण कुमार ने कहा कि डॉक्टर केवल मरीजों का इलाज ही नहीं करते, बल्कि समाज को स्वस्थ रखने में भी बड़ी जिम्मेदारी निभाते हैं। स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में चिकित्सकों की भूमिका महत्वपूर्ण है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि स्वास्थाकामना इमरजेंसी हॉस्पिटल के माध्यम से पुनपुन और आसपास के क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

कार्यक्रम में विधायक रामानंद मंडल और विधायक अरुण मांझी समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।