आसमान में ‘डबल अटैक’: आधे बिहार में लू का कहर, 13 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट
रविवार को कई इलाकों में हुई बारिश के बाद भी गर्मी का असर कम नहीं हुआ है। राज्य के 25 जिलों में अब भी लू का प्रकोप जारी है। खासकर दक्षिण और पश्चिम बिहार में हालात ज्यादा गंभीर हैं। रोहतास के डेहरी में तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे अधिक रिकॉर्ड रहा। वहीं भोजपुर से गर्मी के कारण एक महिला की मौत की खबर ने चिंता बढ़ा दी है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर बिहार के किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और सुपौल में अगले 48 घंटे तक आंधी-बारिश और वज्रपात का खतरा बना रहेगा। हालांकि दक्षिण बिहार के लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं और अगले 2-3 दिनों तक लू का असर जारी रह सकता है।
मौसम में इस अचानक बदलाव के पीछे झारखंड और पश्चिम बंगाल के आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र और पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना चक्रवाती सिस्टम जिम्मेदार बताया जा रहा है। ऊपरी वायुमंडल में बनी अस्थिरता के कारण ही राज्य में कहीं धूप तो कहीं बारिश जैसे हालात बन रहे हैं।
राजधानी पटना की बात करें तो यहां आंशिक बादल छाए रहने के बावजूद उमस और गर्मी लोगों को परेशान करेगी। हालांकि शाम या रात में हल्की बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
बिहार में मौसम का ‘डबल रोल’ जारी है-कहीं राहत की बारिश, तो कहीं जानलेवा गर्मी, और आने वाले दिनों में भी यह उतार-चढ़ाव बना रहने के संकेत हैं।







