Newshaat_Logo

बिहार में बारिश का डबल अटैक! पटना में सड़क धंसी, ट्रैफिक डायवर्ट; वज्रपात से 4 लोगों की मौत

 
बिहार में बारिश का डबल अटैक! पटना में सड़क धंसी, ट्रैफिक डायवर्ट; वज्रपात से 4 लोगों की मौत

Bihar weather news: बिहार में मानसून के सक्रिय होने के साथ मौसम ने एक बार फिर अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को राजधानी पटना समेत कई जिलों में हुई तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ। पटना में लगातार बारिश के बीच एएन कॉलेज के पास सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया। हादसे की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी और ट्रैफिक को दूसरे रास्तों से डायवर्ट कर दिया।

पटना में कई इलाकों में जलजमाव

राजधानी में सुबह से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा। इनकम टैक्स समेत कई इलाकों में तेज बारिश के बाद जलजमाव की स्थिति बन गई। सड़क धंसने की घटना के बाद नगर प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस की टीमें मौके पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन की कोशिश है कि प्रभावित मार्ग पर किसी तरह की दुर्घटना न हो और यातायात व्यवस्था को जल्द सामान्य किया जा सके।

औरंगाबाद-बक्सर में वज्रपात ने ली 4 जानें

वहीं, बिहार के अन्य जिलों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली ने भी कहर बरपाया। औरंगाबाद और बक्सर में वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई।

औरंगाबाद में खेत में काम करने के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की जान चली गई। वहीं, बक्सर के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियांव गांव में वज्रपात की चपेट में आने से 60 वर्षीय रामकुमार उपाध्याय की मौत हो गई।

बक्सर में ही एक अन्य घटना में 21 वर्षीय गोलू की भी जान चली गई। बताया जा रहा है कि देर रात नचाप गांव स्थित अपने घर लौटने के दौरान बारिश के बीच वह आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया।

प्रशासन ने जारी की सावधानी बरतने की अपील

बारिश और वज्रपात की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खासकर गरज-चमक के दौरान लोगों को खुले मैदान में जाने, पेड़ों के नीचे खड़े होने और बिजली के खंभों के पास रहने से बचने की सलाह दी गई है।

लगातार हो रही बारिश से जहां लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है, वहीं सड़क धंसने, जलजमाव और वज्रपात की घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल संबंधित विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।