गर्मी के बाद मौसम का ‘डबल अटैक’! रामनवमी पर आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, बिहार में बदलेगा मिजाज
तेज धूप और साफ आसमान के कारण गुरुवार को राज्य के कई हिस्सों में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। राजधानी पटना में भी पारा 35 डिग्री के पार चला गया, जबकि गया, कैमूर और रोहतास जैसे जिलों में लोगों को झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ा।
रामनवमी पर बदलेगा मौसम का मिजाज
देर रात से ही मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे थे। किशनगंज में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश ने गर्मी से थोड़ी राहत दी। मौसम विभाग के मुताबिक, यही बदलाव अब पूरे बिहार में देखने को मिलेगा।
रामनवमी के दिन राज्यभर में तेज आंधी, गरज-चमक, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। उत्तर बिहार के लिए ऑरेंज अलर्ट, जबकि दक्षिण बिहार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में ज्यादा असर
मौसम विभाग के अनुसार:
• पश्चिम व पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी और शिवहर में ओलावृष्टि का खतरा
• गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, दरभंगा, मधुबनी और मुजफ्फरपुर में तेज बारिश और आंधी
• पटना, गया, कैमूर और भागलपुर में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश
इन इलाकों में ठनका गिरने की आशंका को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
29 मार्च तक जारी रहेगा असर
मौसम विभाग का अनुमान है कि 28 और 29 मार्च तक राज्य में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। खासकर पूर्वी बिहार के जिलों में इसका ज्यादा असर देखने को मिलेगा।







