Movie prime

Bihar weather news: बिहार में मौसम का ‘डबल अटैक’! 18 जिलों में आंधी-बारिश और ठनका का अलर्ट, पटना में चुभेगी तेज धूप

 
बिहार में मौसम का ‘डबल अटैक’! 18 जिलों में आंधी-बारिश और ठनका का अलर्ट, पटना में चुभेगी तेज धूप
Bihar weather news: बिहार का मौसम एक बार फिर करवट ले चुका है और इस बार हालात ‘डबल मोड’ में नजर आ रहे हैं- कहीं तूफान-बारिश का खतरा तो कहीं तपती धूप से बेहाल लोग। मौसम विभाग ने मंगलवार को राज्य के 18 जिलों में आंधी, बारिश और ठनका (आकाशीय बिजली) को लेकर अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है।

उत्तर-पश्चिम और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमीयुक्त हवाओं के साथ बढ़ती गर्मी ने मौसम को अस्थिर बना दिया है। इसका असर खासकर सीमांचल और दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों में ज्यादा देखने को मिलेगा।

इन जिलों में खतरे की घंटी
सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, रोहतास, कैमूर (भभुआ), भोजपुर, बक्सर, अरवल, औरंगाबाद, जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में तेज हवाओं के साथ ठनका गिरने की आशंका जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें।

पटना में ‘हीट मोड’ ऑन
जहां एक ओर कई जिलों में मौसम बिगड़ने वाला है, वहीं राजधानी पटना में हालात उलट हैं। यहां तेज धूप लोगों को दिनभर परेशान कर सकती है और तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है। यानी राजधानी के लोगों को फिलहाल बारिश से राहत नहीं, बल्कि गर्मी से जूझना पड़ेगा।

तापमान का हाल
सोमवार को पटना का अधिकतम तापमान 33.7°C और न्यूनतम 22°C दर्ज किया गया। वहीं भभुआ (कैमूर) सबसे गर्म रहा, जहां पारा 39.5°C तक पहुंच गया। सहरसा के अगवानपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.2°C रिकॉर्ड किया गया।

आगे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, 4 अप्रैल से एक बार फिर पूरे बिहार में मौसम बिगड़ सकता है। आंधी-बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

फिलहाल सावधानी ही सुरक्षा है
तेजी से बदलते मौसम के इस दौर में सतर्क रहना बेहद जरूरी है। खासकर ठनका और तेज हवाओं के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और अनावश्यक बाहर निकलने से बचें।