मुंगेर में विकास की ‘डबल डोज’! सीएम नीतीश ने 119 करोड़ की 78 योजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास
सबसे पहले मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित जिला उद्योग केंद्र के आधुनिक भवन का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने जनसुनवाई कक्ष, आगंतुक कक्ष और परियोजना प्रबंधक कक्ष जैसी सुविधाओं का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। परिसर में लगे उद्यमी योजना के स्टॉल्स को भी देखा और लाभुकों को 60 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा।
कष्टहरणी घाट को मिलेगा नया रूप
मुख्यमंत्री ने गंगा तट स्थित कष्टहरणी घाट का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि आसपास के क्षेत्रों का भी समग्र विकास किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। यह घाट अपनी धार्मिक मान्यताओं और ऐतिहासिक महत्व के लिए प्रसिद्ध है।
पशुपालन और डेयरी सेक्टर को बढ़ावा
इस दौरान मुख्यमंत्री ने भगत सिंह चौक के पास जिला स्तरीय संसाधन एवं प्रशिक्षण केंद्र का भी उद्घाटन किया। यहां प्रशिक्षण सुविधाओं का निरीक्षण करने के साथ-साथ उन्होंने डेयरी और पशुपालन योजनाओं के तहत लाभुकों को करीब 8.83 लाख रुपये की सहायता राशि दी और तीन-व्हीलर व आईस बॉक्स की चाबियां भी सौंपीं।
119 करोड़ की 78 योजनाओं की सौगात
समृद्धि यात्रा के इस चरण में मुख्यमंत्री ने साफियाबाद हवाई अड्डा परिसर से 119 करोड़ रुपये की लागत वाली 78 योजनाओं का रिमोट के जरिए उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसमें 52 योजनाओं का उद्घाटन और 26 योजनाओं की आधारशिला रखी गई।
इन योजनाओं में सड़क चौड़ीकरण, बाईपास निर्माण, जल संसाधन परियोजनाएं, औद्योगिक पार्क, कॉलेज स्थापना और पर्यटन स्थलों के विकास जैसे कई बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं।
अधिकारियों को सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी योजनाओं को तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
मुंगेर में हुए इन विकास कार्यों से यह साफ है कि सरकार अब बुनियादी ढांचे से लेकर रोजगार और पर्यटन तक हर क्षेत्र में संतुलित विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।







