लखनऊ अग्निकांड पर डॉ. प्रेम कुमार ने जताया शोक, बोले- ‘देश के भविष्य की क्षति बेहद पीड़ादायक’
Bihar News: लखनऊ अग्निकांड पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज स्थित एक कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग में छात्रों की दर्दनाक मौत पर उन्होंने इसे बेहद दुखद और हृदय विदारक घटना बताया है।
अपने शोक संदेश में डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि शिक्षा के केंद्र में इस तरह की दुर्घटना में देश के भविष्य माने जाने वाले छात्रों की असामयिक मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक है। इस हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।
उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। साथ ही उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने हादसे में घायल हुए सभी छात्रों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की और कहा कि ऐसी घटनाएं भविष्य में न हों, इसके लिए सुरक्षा मानकों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।







