Newshaat_Logo

समाज कल्याण विभाग संभालते ही एक्शन मोड में डॉ. श्वेता गुप्ता, बोलीं- अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभ

 
समाज कल्याण विभाग संभालते ही एक्शन मोड में डॉ. श्वेता गुप्ता, बोलीं- अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभ
Bihar News: बिहार सरकार में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने शुक्रवार को सचिवालय स्थित विभागीय मुख्यालय में पदभार ग्रहण किया। पद संभालते ही उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और उनके जमीनी क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी ली।

पदभार ग्रहण के बाद मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने साफ संदेश दिया कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि गरीब, असहाय, दिव्यांग, महिलाएं, बच्चे और वृद्धजन सरकार की योजनाओं के केंद्र में हैं और विभाग यह सुनिश्चित करेगा कि कोई भी पात्र लाभुक सरकारी सहायता से वंचित न रहे।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का संचालन पारदर्शी, समयबद्ध और जवाबदेह तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि सिर्फ योजनाएं बनाना काफी नहीं है, बल्कि उनका लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचना सबसे जरूरी है।

महिलाओं और दिव्यांगों पर विशेष फोकस

डॉ. श्वेता गुप्ता ने कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, बच्चों के पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए विभाग नई पहल करेगा। साथ ही दिव्यांगजनों और वृद्धजनों के लिए चल रही योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि योजनाओं की नियमित निगरानी और फील्ड स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित कर विभागीय कार्यप्रणाली को अधिक मजबूत बनाया जाएगा।

अधिकारियों ने किया स्वागत

इस मौके पर समाज कल्याण विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, सामाजिक सुरक्षा निदेशालय के निदेशक धर्मेंद्र कुमार और आईसीडीएस एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण निदेशालय के निदेशक योगेश कुमार सागर समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने मंत्री का स्वागत किया।

पदभार ग्रहण के बाद मंत्री ने विभागीय कार्यालय का निरीक्षण भी किया और कर्मचारियों से संवाद कर कार्यों की जानकारी ली।