जहानाबाद में ड्राइवरों का हुंकार: 10 सूत्री मांगों को लेकर कारगिल चौक पर जोरदार धरना-प्रदर्शन
प्रदर्शन से पहले ड्राइवरों ने कनौदी से पैदल मार्च निकालकर कारगिल चौक तक पहुंचकर अपनी 10 सूत्री मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। इस दौरान संघ के जिला अध्यक्ष संजय कुमार ने कहा कि ड्राइवरों की सुरक्षा और अधिकारों को लेकर लंबे समय से सरकार से मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।
उन्होंने मांग करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना में ड्राइवर की मौत को आपदा की श्रेणी में शामिल किया जाए और ड्राइवरों के लिए अलग से वेलफेयर फंड बनाया जाए। साथ ही दुर्घटना में मौत होने पर 20 लाख रुपये और स्थायी रूप से अपाहिज होने पर 10 लाख रुपये तक मुआवजा देने का प्रावधान किया जाए।
ड्राइवरों ने यह भी मांग उठाई कि 60 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद सभी ड्राइवरों के लिए पेंशन व्यवस्था लागू की जाए। इसके अलावा सभी वाहनों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की व्यवस्था हो, ताकि दुर्घटना की स्थिति में वास्तविक दोषी की पहचान हो सके।
धरने में शामिल ड्राइवरों का कहना था कि कई बार सड़क हादसों के बाद बिना जांच के ड्राइवर को ही दोषी ठहरा दिया जाता है। इतना ही नहीं, दुर्घटना के बाद कई जगहों पर भीड़ द्वारा ड्राइवरों के साथ मारपीट की घटनाएं भी सामने आती हैं, जिससे उनकी जान तक चली जाती है।
ड्राइवर संघ के सदस्यों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो इसे राज्य से लेकर देशव्यापी आंदोलन का रूप भी दिया जा सकता है।
रिपोर्ट: पवन कुमार, जहानाबाद







