पटना में ड्राइवरों का जोरदार प्रदर्शन, 10 सूत्री मांगों को लेकर सड़क पर उतरे 38 जिलों के चालक
बिहार में वाहन चालकों की 10 सूत्री मांगों को लेकर शुक्रवार को पटना में प्रदर्शन हुआ. ड्राइवर एसोसिएशन ऑफ बिहार के बैनर तले राज्य के अलग-अलग जिलों से पहुंचे चालकों ने अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठायी. प्रदर्शन के कारण गांधी मैदान के आसपास यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गयी. इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
ड्राइवर एसोसिएशन ऑफ बिहार के बैनर तले शुक्रवार को राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे वाहन चालकों ने पटना में प्रदर्शन किया. प्रदर्शन की शुरुआत गांधी मैदान स्थित जेपी प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई. इसके बाद प्रदर्शनकारी डाकबंगला चौराहा और गोलंबर होते हुए लोकसेवक आवास व विधानमंडल की ओर बढ़ने की योजना के साथ आगे निकले. प्रदर्शन में संगठन के संरक्षक मनोज कुमार, प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र राय और सचिव राजू कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में वाहन चालक शामिल हुए.
वाहन चालकों के प्रदर्शन के कारण गांधी मैदान के आसपास यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गयी. सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हुई. प्रदर्शन को देखते हुए इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी थी.
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि चालकों की समस्याओं और मांगों को लेकर एक सितंबर 2025 को पटना के मिलर स्कूल में विशाल आमसभा की गयी थी. इसके बाद नौ मार्च 2026 को राज्य के सभी 38 जिलों में संबंधित पदाधिकारियों के समक्ष मांगें रखी गयी थीं. पदाधिकारियों का कहना है कि इसके बावजूद मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई. इसी वजह से चालकों को प्रदर्शन के लिए सड़क पर उतरना पड़ा.
चालकों की प्रमुख मांगों में ओडिशा मोटर ड्राइवर एवं श्रमिक कल्याण योजना 2023 की तर्ज पर बिहार में भी योजना लागू करना शामिल है. इसके अलावा मुख्यमंत्री वाहन चालक कल्याण योजना 2024 को असंगठित श्रमिक सामाजिक सुरक्षा अधिनियम 2008 के तहत लागू करने, ड्राइवर आयोग और कल्याण कोष का गठन करने की मांग उठायी गयी.
वाहन चालकों ने सड़क हादसे में चालक की मौत को आपदा घोषित करने और आवास योजना के तहत पांच लाख रुपये की सहायता देने की मांग की. इसके साथ ही वाहनों में आगे और पीछे रिकॉर्डिंग कैमरे लगाने, एक सितंबर को ड्राइवर दिवस की मान्यता देने तथा सरकारी अस्पतालों के आइसीयू में चालकों के लिए एक बेड आरक्षित करने की मांग भी रखी गयी. चालकों ने बीमा योजना लागू करने और थर्ड पार्टी की जगह फर्स्ट पार्टी बीमा अनिवार्य करने की मांग उठायी.







