गयाजी में 46 लाख की चोरी, दुर्गा पूजा घूमने गया था परिवार
बिहार के गयाजी शहर में दुर्गा पूजा मेले के बीच चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहां चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए करीब 40 लाख रुपये के जेवरात और छह लाख रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। वहीं, पुलिस अब चोरों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने में जुटी है।
दरअसल, चोरी की यह वारदात गयाजी शहर की ढोलकिया गली की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, बीती रात घर के सभी सदस्य दुर्गा पूजा घूमने के लिए बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने घर को निशाना बनाया और दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुस गए।
चोरों ने घर के अंदर रखे सामान को खंगाला और कीमती जेवरात के साथ नकदी लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि चोर करीब 40 लाख रुपये के जेवरात और छह लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। यानी चोरी की इस वारदात में कुल करीब 46 लाख रुपये की संपत्ति गायब हो गई।
वहीं, जब परिवार के लोग दुर्गा पूजा घूमकर वापस घर लौटे, तो दरवाजे की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। घर के अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि सामान बिखरा पड़ा था और कीमती जेवरात व नकदी गायब थे। इसके बाद गृहस्वामी ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही, आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। चोरों की पहचान के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
फिलहाल, पुलिस चोरी की इस बड़ी वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अब देखना होगा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों तक कब पहुंच पाती है और चोरी गए जेवरात व नकदी की बरामदगी कब तक होती है।







