नैनीताल प्रवास के दौरान नीम करौली बाबा के दरबार पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष, बिहार की सुख-समृद्धि की कामना
दर्शन के बाद डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि नीम करौली बाबा केवल एक संत नहीं, बल्कि आध्यात्मिक चेतना और मानव सेवा के प्रतीक हैं। उनके विचार और जीवन दर्शन आज भी करोड़ों लोगों को प्रेम, सद्भाव, सेवा और नैतिक मूल्यों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब समाज विभिन्न चुनौतियों का सामना कर रहा है, तब बाबा की शिक्षाएं लोगों को एकता, भाईचारे और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश देती हैं। बाबा के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में मानवीय मूल्यों को और मजबूत किया जा सकता है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि देश और समाज के विकास के लिए आध्यात्मिक मूल्यों का संरक्षण आवश्यक है। उन्होंने बाबा नीम करौली महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए बिहार के उज्ज्वल भविष्य और प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की।
डॉ. प्रेम कुमार के इस आध्यात्मिक दौरे को लेकर उनके समर्थकों और श्रद्धालुओं के बीच भी विशेष उत्साह देखा गया।







