पालीगंज की ‘संकल्प सभा’ में शिक्षा, रोजगार और लोकतांत्रिक अधिकारों की गूंज, दीपंकर भट्टाचार्य बोले– युवाओं के संघर्ष के साथ है माले
Bihar news: भाकपा (माले) की ओर से पालीगंज हाई स्कूल के खेल मैदान में आयोजित ‘संकल्प सभा’ में शिक्षा, रोजगार, लोकतांत्रिक अधिकार और पुलिस कार्रवाई जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। सभा में बड़ी संख्या में छात्र-युवा, किसान, मजदूर, महिलाएं और आम नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम में बेहतर स्कूली शिक्षा, उच्च शिक्षा, सम्मानजनक रोजगार, नहरों में पानी, गरीबों के आवास अधिकार और कथित पुलिसिया दमन के खिलाफ आवाज बुलंद की गई।
सभा को संबोधित करते हुए भाकपा (माले) के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि देश की नई पीढ़ी बेहतर भारत के निर्माण के लिए संघर्ष कर रही है और उनकी पार्टी हर लोकतांत्रिक आंदोलन में युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और भ्रष्टाचार से युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने कहा कि छात्र आंदोलनों ने हमेशा देश को नई दिशा दी है, लेकिन आज उनकी आवाज को दमन के जरिए दबाने की कोशिश की जा रही है।
दीपंकर भट्टाचार्य ने बिहार में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का भी जिक्र करते हुए कहा कि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता नहीं दिखा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शराबबंदी के नाम पर गरीबों को परेशान किया जा रहा है, जबकि असली शराब माफिया खुलेआम सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि जनता के सवालों का समाधान दमन नहीं, बल्कि नीतिगत बदलाव से होना चाहिए।
पालीगंज के विधायक डॉ. संदीप सौरभ ने कहा कि राज्य में सरकारी स्कूलों और विश्वविद्यालयों की स्थिति लगातार कमजोर की जा रही है, जिससे गरीब परिवारों के बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रभावित हो रही है। उन्होंने बेहतर शिक्षा और रोजगार की मांग कर रहे युवाओं पर पुलिस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताते हुए सवाल उठाया कि छात्रों के खिलाफ कठोर बल प्रयोग क्यों किया गया। उन्होंने कहा कि आंदोलन में शामिल नहीं रहे युवाओं की गिरफ्तारी भी सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती है।
डॉ. सौरभ ने कहा कि शिक्षा, रोजगार, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए संघर्ष आगे भी जारी रहेगा और सरकार के दबाव से आंदोलन कमजोर नहीं पड़ेगा।
सभा में मौजूद अन्य वक्ताओं ने भी बेरोजगारी, शिक्षा संकट, भ्रष्टाचार और पुलिस कार्रवाई जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी। कार्यक्रम के अंत में लोकतांत्रिक अधिकारों, सामाजिक न्याय और जनहित से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष को और मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर ऐपवा नेत्री लीला वर्मा, पूर्व विधायक महानंद सिंह, गोपाल रविदास, मुखिया संघ के अध्यक्ष आनंद यादव, आइसा अध्यक्ष धनंजय, भाकपा (माले) पोलित ब्यूरो सदस्य अमर, पूर्व सांसद रामेश्वर प्रसाद तथा किसान नेता मंगल यादव ने भी सभा को संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता और संचालन भाकपा (माले) नेता अनवर हुसैन ने किया।







