10 हजार युवाओं को रोजगार देने के ऐलान पर PK को शिक्षा मंत्री की बधाई, बोले- विधायक को जनता से दूरी नहीं बनानी चाहिए
Patna: बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर के 10 हजार युवाओं को रोजगार देने के ऐलान पर बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की प्रतिक्रिया सामने आई है। मंत्री ने रोजगार देने की पहल का स्वागत करते हुए प्रशांत किशोर को बधाई दी, लेकिन उनके जनप्रतिनिधि के तौर पर जनता से जुड़ाव को लेकर सवाल भी उठाए।
रोजगार की पहल अच्छी, लेकिन जनता से दूरी पर सवाल
मिथिलेश तिवारी ने कहा कि अगर प्रशांत किशोर 10 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहे हैं तो यह स्वागत योग्य कदम है। हालांकि, शादी-विवाह और दूसरे सामाजिक आयोजनों से दूरी बनाने के उनके बयान पर मंत्री ने सवाल खड़े किए।
‘विधायक का काम सिर्फ सदन तक सीमित नहीं’
शिक्षा मंत्री ने कहा कि विधायक की जिम्मेदारी विधानसभा में बैठकर ही पूरी नहीं होती। जनप्रतिनिधि को अपने क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में शामिल होना चाहिए और सामाजिक कार्यक्रमों में भी उनकी मौजूदगी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर जनप्रतिनिधि ही जनता से दूरी बना लेगा तो लोगों की उससे अपेक्षाएं भी कम हो जाएंगी।
स्कूलों के मुद्दे पर सरकार सहयोग को तैयार
प्रशांत किशोर की ओर से बांकीपुर के स्कूलों की व्यवस्था सुधारने की इच्छा जताए जाने पर मंत्री ने सकारात्मक रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि विधायक स्कूलों से जुड़ी समस्याओं को लेकर शिक्षा विभाग के पास आते हैं तो विभाग उनका समाधान करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
मंत्री के बयान के बाद बांकीपुर की राजनीति में एक नई चर्चा शुरू हो गई है। रोजगार और शिक्षा के मुद्दे पर प्रशांत किशोर की सक्रियता के बीच अब सत्ता पक्ष की ओर से उनके जनता से जुड़ाव और जनप्रतिनिधि की भूमिका को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।







