Movie prime

राज्यसभा की 37 सीटों पर चुनाव का बिगुल, 16 मार्च को वोटिंग—कई दिग्गज नेताओं का खत्म हो रहा कार्यकाल

एक साथ कई राज्यों में होगी चुनाव प्रक्रिया, 26 फरवरी से नामांकन की शुरुआत
 
राज्यसभा की 37 सीटों पर चुनाव का बिगुल, 16 मार्च को वोटिंग—कई दिग्गज नेताओं का खत्म हो रहा कार्यकाल
Bihar news: राज्यसभा की 37 सीटों पर होने वाले चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। अलग-अलग राज्यों में खाली हो रही सीटों को भरने के लिए 16 मार्च को मतदान कराया जाएगा। पूरी चुनाव प्रक्रिया तय कैलेंडर के मुताबिक एक साथ पूरी की जाएगी, जिससे संसद के उच्च सदन में नए सदस्यों की एंट्री का रास्ता साफ होगा।

घोषित कार्यक्रम के अनुसार महाराष्ट्र की 7 सीटों पर सबसे ज्यादा मतदान होगा। इसके अलावा तमिलनाडु की 6, पश्चिम बंगाल और बिहार की 5–5 सीटों पर चुनाव होंगे। वहीं ओडिशा में 4, असम में 3, छत्तीसगढ़ और हरियाणा में 2–2 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। हिमाचल प्रदेश में 1 और तेलंगाना में 2 सीटों के लिए चुनाव तय हुआ है।

कई बड़े नेताओं का कार्यकाल खत्म

इन सीटों पर जिन सदस्यों का कार्यकाल 2 अप्रैल को समाप्त हो रहा है, उनमें कई प्रमुख नाम शामिल हैं। इनमें शरद पवार, रामदास अठावले, कणिमोझी, तिरुचि शिवा और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश जैसे नेता शामिल हैं। इनके कार्यकाल की समाप्ति के साथ नई राजनीतिक गणित भी सामने आएगी।

पूरा चुनाव शेड्यूल

चुनावी कार्यक्रम के मुताबिक:
    •    26 फरवरी- अधिसूचना जारी
    •    5 मार्च- नामांकन की आखिरी तारीख
    •    6 मार्च- नामांकन पत्रों की जांच
    •    9 मार्च- नाम वापसी की अंतिम तिथि
    •    16 मार्च- सुबह 9 से शाम 4 बजे तक मतदान
    •    16 मार्च- शाम 5 बजे से मतगणना
    •    20 मार्च- पूरी प्रक्रिया समाप्त

चुनाव कार्यक्रम की घोषणा भारत निर्वाचन आयोग की ओर से की गई है। इन चुनावों के नतीजे आने के बाद राज्यसभा की नई संरचना और दलों की ताकत का संतुलन भी साफ हो जाएगा।