नवीन सिन्हा पार्क में भावुक श्रद्धांजलि: सीएम नीतीश समेत दिग्गजों ने किया नमन, नितिन नवीन ने पिता की विरासत आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
Bihar news: पटना के नवीन सिन्हा पार्क में आज सादगी और सम्मान से भरा एक भावुक दृश्य देखने को मिला, जब बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सुबह-सुबह यहां पहुंचे और भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन के पिता, स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा को उनकी 20वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में राजनीतिक और सामाजिक जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।

कार्यक्रम में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा सहित भाजपा के सैकड़ों वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने स्व. नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा की तस्वीर और प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके राजनीतिक व सामाजिक योगदान को याद किया। नेताओं ने कहा कि उनकी सादगी, संगठन क्षमता और जनसेवा की भावना ने बिहार में भाजपा को मजबूत आधार देने का काम किया।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने स्व. नवीन सिन्हा के जीवन को कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा बताया। उनका मानना था कि उन्होंने जिस निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को आगे बढ़ाया, वही मूल्य आज भी पार्टी की दिशा तय कर रहे हैं।

इस मौके पर उनके पुत्र और हाल ही में भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बने नितिन नवीन ने भावुक शब्दों में अपने पिता को याद किया। उन्होंने कहा कि वे अपने पिता द्वारा दिखाए गए रास्ते पर चलते हुए समाज से जुड़कर काम करेंगे और हर व्यक्ति को अपने परिवार का सदस्य मानकर उसकी सेवा करेंगे। नितिन नवीन ने कहा कि पिता की स्मृतियां ही उनके सार्वजनिक जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणा हैं।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग भी शामिल हुए। समारोह के दौरान सामाजिक समरसता, जनसेवा और मूल्यों की राजनीति पर जोर दिया गया तथा युवाओं से स्व. नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।







