बेतिया में रोजगार का मौका: एक दिवसीय जॉब कैंप में उमड़े युवा, SBI Life में 42 पदों पर होगी भर्ती
Bettiah News: पश्चिम चंपारण के युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर लेकर श्रम संसाधन विभाग की ओर से जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र (DRCC), बेतिया में एक दिवसीय जॉब कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में पहुंचे युवाओं ने नौकरी के लिए आवेदन और बायोडाटा जमा किया।
जॉब कैंप में 100 से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया और विभिन्न रोजगार अवसरों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान SBI Life Insurance की बेतिया शाखा भी शामिल हुई, जिसने भर्ती प्रक्रिया के तहत इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन स्वीकार किए।
SBI Life के बिजनेस मैनेजर राकेश कुमार ने बताया कि कंपनी पश्चिम चंपारण जिले में 2 बिजनेस मैनेजर और 40 लाइफ मित्र के पदों पर नियुक्ति करने जा रही है। चयनित अभ्यर्थियों को आकर्षक मानदेय के साथ मेडिकल सुविधा, लाइफ इंश्योरेंस कवर और प्रदर्शन आधारित इंसेंटिव भी प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना और उन्हें वित्तीय क्षेत्र में करियर बनाने का अवसर देना है। चयनित उम्मीदवारों का कार्यक्षेत्र पश्चिम चंपारण जिला होगा।
युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ऐसे जॉब कैंप युवाओं को सीधे निजी कंपनियों से जोड़ने और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रहे हैं। कैंप में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रोजगार के प्रति अपनी रुचि दिखाई।







