गैस सिलेंडर को लेकर अफवाहों पर सरकार का बड़ा बयान: बिहार में पर्याप्त स्टॉक, घबराने की जरूरत नहीं
विभाग के अनुसार पेट्रोलियम एजेंसियों ने भी पुष्टि की है कि गैस सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है और उपभोक्ताओं को समय पर गैस मिलती रहेगी। इसलिए लोगों को गैस एजेंसियों के बाहर अनावश्यक भीड़ लगाने की जरूरत नहीं है।
25 दिन बाद ही होगी नई बुकिंग
सरकार ने बताया कि गवर्नमेंट ऑफ इंडिया की नई व्यवस्था के तहत किसी भी घरेलू उपभोक्ता को अंतिम सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिन बाद ही नया सिलेंडर बुक करने की अनुमति है।
बुकिंग दर्ज होने के बाद आमतौर पर 2 से 3 दिनों के भीतर सिलेंडर की डिलीवरी सुनिश्चित की जाती है, ताकि उपभोक्ताओं को परेशानी न हो।
वितरण व्यवस्था पर नजर
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने बताया कि राज्य में गैस आपूर्ति और वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि सभी उपभोक्ताओं तक समय पर गैस सिलेंडर पहुंचे और वितरण प्रणाली पारदर्शी बनी रहे।
अफवाहों से बचने की अपील
विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और किसी भी तरह की भ्रामक खबरों या अफवाहों पर भरोसा न करें। साथ ही गैस वितरकों के पास अनावश्यक भीड़ न लगाएं, ताकि वितरण व्यवस्था सुचारु रूप से चलती रहे।
सरकार का कहना है कि उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गैस आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए लगातार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।







