Newshaat_Logo

बिहार में शिक्षा विभाग की अधिकारी पर EOU का शिकंजा, 2 करोड़ से अधिक की संपत्ति का खुलासा, पति भी जांच के घेरे में

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है. किशनगंज जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की कार्यक्रम पदाधिकारी रूबी कुमारी और उनके पति गौरव कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में छापेमारी की गई है
 
DPO

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है. किशनगंज जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की कार्यक्रम पदाधिकारी रूबी कुमारी और उनके पति गौरव कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में छापेमारी की गई है.

जांच एजेंसी के अनुसार, दंपती पर करीब 2 करोड़ 45 लाख 84 हजार रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है. मिली जानकारी के अनुसार, कटिहार और किशनगंज में उनके चार ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है

आर्थिक अपराध इकाई के मुताबिक, रूबी कुमारी और उनके पति गौरव कुमार पर आपराधिक षड्यंत्र कर भ्रष्ट तरीके से ज्ञात आय के वैध स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है. प्रारंभिक जांच में कथित आय से अधिक संपत्ति का मूल्य 2 करोड़ 45 लाख 84 हजार रुपये आंका गया है. यह दंपती की ज्ञात आय से लगभग 87.49 प्रतिशत अधिक बताई गई है. बता दें कि विशेष न्यायालय निगरानी से तलाशी वारंट प्राप्त करने के बाद ईओयू की टीम ने कार्रवाई शुरू की है.

ईओयू की टीम कटिहार के ऑफिसर्स कॉलोनी स्थित रूबी कुमारी के पैतृक मकान और उनके निजी अपार्टमेंट या मकान की तलाशी ले रही है. इसके अलावा किशनगंज स्थित उनके सरकारी कार्यालय और लाइनपारा मोहल्ले में किराये के आवास पर भी छापेमारी की जा रही है. रूबी कुमारी पहले कटिहार में भी शिक्षा विभाग की कार्यक्रम पदाधिकारी रह चुकी हैं. यही वजह है कि कटिहार स्थित उनके पुराने ठिकाने भी जांच के दायरे में हैं.

आर्थिक अपराध इकाई की टीम संबंधित दस्तावेजों, संपत्ति के रिकॉर्ड और अन्य वित्तीय साक्ष्यों की जांच कर रही है. एजेंसी के अनुसार, तलाशी के दौरान मिले तथ्यों की पड़ताल की जा रही है. हालांकि, अभी तक बरामद नकदी, आभूषण या संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों का विस्तृत ब्योरा सामने नहीं आया है. ईओयू ने कहा है कि तलाशी की कार्रवाई पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी दी जाएगी.