Newshaat_Logo

बारिश में भी विजयदशमी पर परंपरा और भक्ति का संगम, मां काली–बड़ी देवी की खोईचां अदला-बदली देख भावुक हुए श्रद्धालु

 
बारिश में भी विजयदशमी पर परंपरा और भक्ति का संगम, मां काली–बड़ी देवी की खोईचां अदला-बदली देख भावुक हुए श्रद्धालु

Patna Desk: विजयदशमी के अवसर पर नगर के पेठिया बाजार स्थित बड़ी देवी मंदिर और मछुआ टोली की मां दक्षिणेश्वरी काली मंदिर में पारंपरिक खोईचां अदला-बदली का आयोजन हुआ। सदियों पुरानी इस परंपरा को देखने के लिए बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तजन मां की आरती और जयकारों में डूबकर भाव-विभोर हो उठे।

Durga puja

शोभायात्रा के बीच हुई खोईचां अदला-बदली

विसर्जन से पूर्व प्रतिमाओं को ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाल कर प्राचीन काली मंदिर लाया गया। यहां वैदिक मंत्रोच्चार, मंगल गीत और महाआरती के बीच बड़ी देवी और मां काली की खोईचां अदला-बदली की रस्म संपन्न हुई। जैसे ही पुरोहितों के सानिध्य में यह अनुष्ठान शुरू हुआ, श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं और पूरा परिसर “जय माता दी” के नारों से गूंज उठा।

महिलाओं ने किए मंगल गीत और डांडिया

इस मौके पर बड़ी संख्या में मौजूद महिला श्रद्धालुओं ने पारंपरिक मंगल गीत गाकर देवी की विदाई दी। कई महिलाएं नम आंखों से एक-दूसरे को सिंदूर लगाती दिखीं। वहीं डांडिया नृत्य के साथ श्रद्धालुओं ने मां को विदाई दी।

Danapur news

पीढ़ियों से चल रही परंपरा

मंदिर के पुजारी राम सागर मिश्र, बृज मोहन मिश्रा और शंशाक मिश्र उर्फ गोलू बाबा ने बताया कि दशकों से यह परंपरा चली आ रही है। उनका कहना है कि मां दक्षिणेश्वरी काली मंदिर में पूजा-अर्चना करने से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।

बारिश से भीगा माहौल, जयकारों से गूंजते मंदिर और आस्था में डूबे श्रद्धालुओं ने इस खोईचां अदला-बदली को अविस्मरणीय बना दिया।

दानापुर से रणजीत कुमार की रिपोर्ट।