बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार: गुरु गोविंद सिंह अस्पताल में नई सुविधाओं की शुरुआत, 25 अनुमंडलीय अस्पतालों में मुफ्त डायलिसिस
Bihar News: बिहार सरकार ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना सिटी स्थित गुरु गोविंद सिंह अस्पताल के नवनिर्मित भवन में विभिन्न नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का शुभारंभ किया। इसके साथ ही राज्य के अलग-अलग सरकारी अस्पतालों में गहन चिकित्सा सेवाओं, पैथोलॉजी जांच और डायलिसिस की सुविधाओं का भी विस्तार किया गया है।

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के तहत जिला औषधि भंडार गृह, पटना सहित राज्य के विभिन्न जिला अस्पतालों में कुल 105 नए ICU बेड और 70 वेंटिलेटर से लैस गहन चिकित्सा इकाइयों की शुरुआत की गई है। इन सुविधाओं के साथ 24 घंटे आपातकालीन चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इससे गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सकेगा।

इसके अलावा सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में लोक निजी साझेदारी (PPP) के तहत हब एंड स्पोक मॉडल पर नि:शुल्क पैथोलॉजी जांच की सुविधा भी शुरू की गई है। इसके पहले चरण में राज्य में 11 हब लैब स्थापित की गई हैं, जहां अत्याधुनिक मशीनों और उपकरणों के माध्यम से जांच की जाएगी। इन हब लैब से जुड़ी 221 स्पोक लैब को नमूना संग्रह केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। इससे दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले मरीजों को भी पैथोलॉजी जांच की सुविधा आसानी से मिल सकेगी।

वहीं, राज्य के 25 अनुमंडलीय अस्पतालों में नि:शुल्क डायलिसिस सेवा की भी शुरुआत की गई है। इस पहल से किडनी से जुड़ी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। सरकार का लक्ष्य है कि मरीजों को बेहतर और जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उनके नजदीकी सरकारी अस्पतालों में ही उपलब्ध कराई जा सकें।

इन नई सुविधाओं के शुरू होने से बिहार में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा बढ़ने के साथ-साथ गंभीर मरीजों के इलाज, जांच और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।







