Newshaat_Logo

बिहार में बेखौफ बदमाशों का तांडव, क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष का मर्डर, कई राउंड फायरिंग, मॉर्निंग वॉक पर निकल रहे थे रामकुमार सिंह

बिहार के भोजपुर जिले के आरा से एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है. गुरुवार की सुबह नवादा थाना क्षेत्र के महाराजा हाता-कतिरा स्टेशन रोड स्थित जैन कॉलेज के पास अज्ञात बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर पूरे शहर को दहशत में डाल दिया
 
आरा

बिहार के भोजपुर जिले के आरा में गुरुवार की सुबह दिनदहाड़े हुई हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। नवादा थाना क्षेत्र के महाराजा हाता-कतिरा स्टेशन रोड पर स्थित जैन कॉलेज के पास हथियारबंद बदमाशों ने क्षत्रिय कल्याण संगठन के अध्यक्ष और सेवानिवृत्त आयकर अधिकारी रामकुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने उन पर एक के बाद एक सात गोलियां दागीं और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से रामकुमार सिंह को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

बताया जा रहा है कि रामकुमार सिंह रोजाना की तरह गुरुवार की सुबह भी मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान जब वह जैन कॉलेज के सामने पहुंचे, तभी हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। सीने में लगातार सात गोलियां लगने से उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आक्रोशित लोगों को शांत कराने के लिए भोजपुर के एसपी अवधेश दीक्षित खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि परिवार के बयान के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। परिजनों ने जिन लोगों पर शक जताया है, उन्हें ध्यान में रखकर पुलिस कार्रवाई कर रही है। इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

एसपी ने भरोसा दिलाया कि पुलिस टीम जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा करेगी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, परिजनों ने मुफस्सिल थानाध्यक्ष पर भी आरोप लगाए हैं। इस संबंध में एसपी अवधेश दीक्षित ने कहा कि परिवार के बयान के आधार पर मामले की जांच होगी। यदि जांच में किसी पुलिसकर्मी की संलिप्तता या लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने और वारदात में शामिल बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। इस हत्याकांड के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और लोगों की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं।