Newshaat_Logo

Patna Airport पर तेज आंधी-बारिश से उड़ानें हुई प्रभावित, कई विमानों को लखनऊ-कोलकाता डायवर्ट करना पड़ा

 
Patna Airport पर तेज आंधी-बारिश से उड़ानें हुई प्रभावित, कई विमानों को लखनऊ-कोलकाता डायवर्ट करना पड़ा

Patna Airport News: राजधानी पटना में आज शुक्रवार को तेज आंधी, बारिश और खराब मौसम के कारण जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पटना पर विमान परिचालन बुरी तरह प्रभावित रहा। खराब विजिबिलिटी और तेज हवा के चलते चार विमानों को डायवर्ट करना पड़ा, जबकि कई उड़ानें एक से चार घंटे तक विलंबित रहीं। इससे करीब 600 से अधिक यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार सुबह 7:30 बजे पटना पहुंचने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की विमान संख्या आईएक्स-1346 पटना एयरपोर्ट के आसमान में काफी देर तक चक्कर लगाती रही। मौसम सामान्य नहीं होने और लैंडिंग की अनुमति नहीं मिलने के बाद विमान को लखनऊ एयरपोर्ट डायवर्ट कर दिया गया। इसी तरह सुबह 7:55 बजे पटना आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई-6245 को भी खराब मौसम के कारण कोलकाता भेज दिया गया।

वहीं चंडीगढ़ से सुबह 8:55 बजे पटना पहुंचने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई-6394 एयर टर्बुलेंस की चपेट में आ गई और उसे भी लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा। इसके अलावा दिल्ली से सुबह 9:50 बजे पटना आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई-2769 को भी लखनऊ भेजा गया। लगातार खराब मौसम के कारण पटना एयरपोर्ट से दिल्ली, हैदराबाद, भुवनेश्वर और अन्य शहरों के लिए जाने वाली उड़ानों पर भी असर पड़ा।

यात्रियों को घंटों एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा। डिपार्चर एरिया में भारी भीड़ देखी गई और कई यात्रियों ने उड़ानों में देरी को लेकर नाराजगी भी जताई। विलंबित उड़ानों में पटना-दिल्ली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट सुबह 8 बजे के बजाय 11:59 बजे रवाना हुई। पटना से हैदराबाद जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट, जिसका निर्धारित समय सुबह 8:30 बजे था, वह दोपहर 12:17 बजे उड़ान भर सकी। इसके अलावा सुबह 9:25 बजे भुवनेश्वर जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 12:47 बजे रवाना हुई। दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की 10:20 बजे निर्धारित उड़ान 11:07 बजे रवाना हुई।

वहीं 10:30 बजे दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट दोपहर 1:35 बजे उड़ान भर सकी। वहीं पटना से चंडीगढ़ जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट, जिसका समय दोपहर 12:55 बजे था, उसे शाम 3:55 बजे के लिए पुनर्निर्धारित किया गया।