Newshaat_Logo

पटना के दियारा इलाके में बाढ़ बनी काल, तेज धार में बहने से महिला की मौत; बच्चे को ग्रामीणों ने बचाया

 
पटना के दियारा इलाके में बाढ़ बनी काल, तेज धार में बहने से महिला की मौत; बच्चे को ग्रामीणों ने बचाया

Patna: दानापुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के दियारा इलाके में शनिवार को बाढ़ का पानी एक परिवार पर कहर बनकर टूटा। हवसपुर गांव में तेज बहाव की चपेट में आने से 35 वर्षीय संगीता देवी की मौत हो गई। हादसे के दौरान उनके साथ मौजूद मासूम बेटे को स्थानीय लोगों ने समय रहते पानी से सुरक्षित निकाल लिया।

बेटे के साथ घर लौट रही थीं संगीता

जानकारी के अनुसार, शाहपुर निवासी बंटी यादव की पत्नी संगीता देवी अपने मायके हवसपुर गांव में दादी के श्राद्ध कर्म में शामिल होने पहुंची थीं। शनिवार को कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह अपने बेटे के साथ वापस शाहपुर लौट रही थीं।

बताया जा रहा है कि नाव पकड़ने के लिए दोनों बाढ़ के पानी से होकर गुजर रहे थे। रास्ते में घुटने तक पानी था। इसी दौरान अचानक संगीता का पैर फिसल गया और वह पानी के गहरे हिस्से में चली गईं। तेज बहाव के कारण वह संभल नहीं सकीं और बह गईं।

घटना देख आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल बच्चे को पानी से बाहर निकाल लिया। हालांकि, संगीता तेज धारा की चपेट में आ गईं और उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

ग्रामीणों ने खुद निकाला शव

हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन को घटना की सूचना दी। स्थानीय लोगों और पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि मुस्कान कुमार यादव ने आरोप लगाया कि सूचना के बावजूद मौके पर न तो एसडीआरएफ की टीम पहुंची और न ही अंचल या अनुमंडल स्तर का कोई अधिकारी समय पर पहुंचा।

ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद महिला के शव को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया।

मीसा भारती और रामकृपाल यादव ने पीड़ित परिवारों से की मुलाकात

हादसे की जानकारी मिलने के बाद मंत्री रामकृपाल यादव और सांसद डॉ. मीसा भारती प्रभावित इलाके में पहुंचे। दोनों नेताओं ने मृतका संगीता देवी के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना जताई और परिवार को ढांढस बंधाया।

इस दौरान उन्होंने मानस में डूबने से जान गंवाने वाले रवि शेखर के परिजनों से भी मुलाकात की और शोक व्यक्त किया।

जंगली सूअर के हमले में मृत बच्ची के परिवार को सहायता

दौरे के दौरान नेताओं ने हाल ही में जंगली सूअर के हमले में जान गंवाने वाली एक बच्ची के परिजनों से भी मुलाकात की। पीड़ित परिवार को 20 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक दिया गया।

मौके पर भाजपा नेता रंजीत कुमार यादव, विजेंद्र कुमार, राजद नेता केडी यादव, पूर्व जिला पार्षद ओम प्रकाश यादव समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

बाढ़ के बीच एक महिला की मौत और अन्य हादसों ने दियारा क्षेत्र में राहत एवं बचाव व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रभावित इलाकों में प्रशासनिक निगरानी और त्वरित राहत-बचाव व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।