‘फ्लॉप शहजादे को राष्ट्रनीति की ABCD नहीं पता’- राहुल गांधी पर ऋतुराज सिन्हा का तीखा हमला
ऋतुराज सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से राष्ट्रहित में की गई ‘7 अपीलों’ को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अपीलों को “उपदेश” बताना राहुल गांधी की राजनीतिक अपरिपक्वता और अज्ञानता को दर्शाता है।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी हमेशा विदेशी मंचों पर भारत की छवि खराब करने का काम करते हैं और देश की सकारात्मक पहल पर भी राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि जब पूरी दुनिया गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है, तब प्रधानमंत्री देश को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाने के लिए जनता से सहयोग की अपील कर रहे हैं। ऐसे समय में इन प्रयासों को सरकार की नाकामी बताना करोड़ों देशभक्त नागरिकों का अपमान है।
“अपनी पार्टी नहीं संभल रही, देश चलाने की बात करते हैं”
ऋतुराज सिन्हा ने कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल गांधी अपनी पार्टी के नेताओं को संभाल नहीं पा रहे हैं और देश को नेतृत्व देने की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश मजबूत दिशा में आगे बढ़ रहा है और जनता का भरोसा सरकार के साथ है।
उन्होंने कहा कि स्वदेशी अपनाने, बचत बढ़ाने और प्राकृतिक खेती जैसी अपीलें भारत के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। लेकिन विपक्ष केवल भ्रम फैलाने और नकारात्मक राजनीति करने में लगा हुआ है।
“जनता जवाब देना जानती है”
भाजपा नेता ने दावा किया कि देश की जनता अब “पार्ट-टाइम राजनीति” और “विषैले नैरेटिव” को समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि जनता पहले भी ऐसे नेताओं को जवाब दे चुकी है और आगे भी देशहित के खिलाफ राजनीति करने वालों को करारा संदेश देगी।
इस बयान के बाद बिहार समेत राष्ट्रीय राजनीति में भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानबाजी और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।







