Newshaat_Logo

बिहार में गहराएगा कोहरा, दिन में गर्मी बढ़ेगी तो रात में गिरेगा पारा

राज्य के कई जिलों में बारिश के बाद अब दिन और रात के तापमान में विपरीत बदलाव दिखेगा। अब मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
 
Bihar me thandha

राज्य के कई जिलों में बारिश के बाद अब दिन और रात के तापमान में विपरीत बदलाव दिखेगा। अब मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। अगले 48 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिन का तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है, जबकि रात के तापमान में इतनी ही गिरावट आ सकती है। इससे दिन में धूप के कारण हल्की गर्माहट रहेगी। हालांकि सुबह और रात में ठंड का एहसास बढ़ेगा। वहीं, सुबह के समय कोहरे का असर भी बना रहेगा। राजधानी में सोमवार की सुबह विजिबिलिटी घटकर 200 मीटर तक पहुंच गई। गयाजी में मध्यम स्तर का कोहरा दर्ज किया गया। 

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक सुबह में अधिकांश स्थानों पर हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाने की संभावना जताई है। पटना मौसम केंद्र के मुताबिक पिछले 24 घंटों में दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। दक्षिण-पश्चिम और उत्तर-पूर्व बिहार के कुछ स्थानों तथा उत्तर-मध्य बिहार के एक-दो स्थानों पर भी बारिश हुई। इसके विपरीत उत्तर-पश्चिम बिहार में मौसम शुष्क रहा

मौसम में इस बदलाव का सबसे महत्वपूर्ण पहलू अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अंतर है। सोमवार को राज्य का अधिकतम तापमान 21.3 से 30.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 से 20.9 डिग्री से. के बीच रहा। मोतिहारी में सर्वाधिक 30.2 डिग्री अधिकतम तापमान रहा, जबकि वाल्मीकिनगर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 15 डिग्री रहा। इसका मतलब है कि दिन और रात के मौसम में अंतर महसूस होगा।

पटना में 200 मीटर रही दृश्यता

पटना के लिए जारी शहर आधारित पूर्वानुमान के अनुसार, सुबह कोहरा या धुंध रहने और बाद में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। 29 नवंबर तक सुबह में कोहरा या धुंध रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री के बीच रहने का पूर्वानुमान है।