पटना के दो बड़े होटलों पर फूड सेफ्टी विभाग की कार्रवाई, किचन में मिला नकली पनीर; तीन दिनों के लिए सील
पटना में खाद्य पदार्थों में मिलावट और साफ-सफाई के नियमों की अनदेखी के खिलाफ फूड सेफ्टी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को गांधी मैदान थाना क्षेत्र के राजेंद्र पथ स्थित होटल मगध और होटल एम्बेसडर के किचन में छापेमारी की गई। जांच के दौरान दोनों होटलों में नकली पनीर मिलने का मामला सामने आया। इसके बाद विभाग की टीम ने दोनों होटलों के किचन को तीन दिनों के लिए सील कर दिया।
छापेमारी के दौरान दोनों होटलों के किचन की स्थिति बेहद खराब मिली। वहां साफ-सफाई का अभाव था और मसालों के डिब्बों में जंग लगा हुआ था। तेल और मसालों के आसपास गंदगी फैली हुई थी। सबसे गंभीर लापरवाही यह सामने आई कि वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री को एक ही जगह पर रखा गया था। खाना बनाने के दौरान स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा से जुड़े जरूरी मानकों का भी पालन नहीं किया जा रहा था।
इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए फूड सेफ्टी विभाग ने दोनों होटलों के किचन को तीन दिनों तक बंद रखने का आदेश दिया है। विभाग ने पनीर के नमूने भी जांच के लिए जब्त किए हैं।
फूड सेफ्टी विभाग के इंस्पेक्टर मुकेश कश्यप ने बताया कि दोनों होटलों में नकली पनीर मिलने के साथ ही कई अन्य खामियां भी पाई गई हैं। दोनों होटल प्रबंधन को तीन दिनों के भीतर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया गया है। उनके जवाब की समीक्षा की जाएगी। यदि स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया तो होटलों का लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि विभाग को लगातार इन होटलों में गड़बड़ी की शिकायतें मिल रही थीं। इसी आधार पर अधिकारियों के निर्देश पर यह छापेमारी की गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट और स्वच्छता मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।







