Movie prime

बिहार चुनावी सरगर्मी के बीच पूर्व सांसद अरुण सिंह ने थामा जदयू का दामन, बेटे ऋतुराज भी हुए शामिल

 
बिहार चुनावी सरगर्मी के बीच पूर्व सांसद अरुण सिंह ने थामा जदयू का दामन, बेटे ऋतुराज भी हुए शामिल

Bihar news: बिहार की राजनीति में इस वक्त सियासी जोड़-तोड़ का दौर तेज़ है। इसी कड़ी में जहानाबाद के पूर्व सांसद अरुण सिंह ने शनिवार को जनता दल (यूनाइटेड) का दामन थाम लिया। राजधानी पटना में आयोजित एक कार्यक्रम में अरुण सिंह ने जदयू की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, मंत्री विजय चौधरी, अशोक चौधरी समेत कई वरिष्ठ जदयू नेता मौजूद रहे।

पार्टी में शामिल होते ही अरुण सिंह ने कहा कि वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के विकास में फिर से योगदान देना चाहते हैं। उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार बिहार के लिए जो सोचते हैं, वह केवल राजनीति नहीं, सेवा है।”

बताया जा रहा है कि अरुण सिंह के साथ उनके बेटे ऋतुराज सिंह ने भी जदयू की सदस्यता ली है और आगामी विधानसभा चुनाव में घोसी सीट से उनके चुनाव लड़ने की संभावना जताई जा रही है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भूमिहार समुदाय से आने वाले अरुण सिंह का जदयू में शामिल होना पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है, खासकर मगध और जहानाबाद इलाके में।

अरुण सिंह का बिहार की राजनीति में लंबा अनुभव रहा है। एक दौर में उन्होंने नीतीश कुमार के साथ मिलकर लालू-राबड़ी सरकार के खिलाफ संघर्ष किया था। हालांकि बाद में वे विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ जुड़े रहे। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी से जहानाबाद सीट पर चुनाव लड़कर संसद में प्रवेश किया था। बाद में कुशवाहा की पार्टी के जदयू में विलय के बाद अरुण सिंह ने अपनी राहें अलग कर ली थीं और कुछ समय तक चिराग पासवान की पार्टी से भी जुड़े रहे।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से ठीक पहले अरुण सिंह का जदयू में शामिल होना न सिर्फ जहानाबाद बल्कि पूरे मगध क्षेत्र में राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित कर सकता है।