Movie prime

पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार नहीं लड़ेंगी लोकसभा चुनाव, बढ़ती उम्र बना कारण

 
पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार 2024 का लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी। शनिवार को उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए इसकी घोषणा की है। सासाराम से वो कांग्रेस की संभावित प्रत्याशी मानी जा रही थीं।
मीरा कुमार ने चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा की तो राजनीतिक हलचल तेज हो गई। आज उन्होंने अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा- 2024 के आम चुनाव में मैंने नहीं लड़ने का निर्णय किया है। मैं अपने देश के लोगों, विशेषकर गरीब, वंचित वर्ग और महिलाओं की सेवा हमेशा करती रहूंगी।
बढ़ती उम्र के कारण मीरा कुमार ने यह फैसला किया है। वो 78 साल की हो चुकी हैं और क्षेत्र में उनकी सक्रियता काफी कम थी। लोकसभा चुनाव में पराजय के बाद वो राहुल गांधी की न्याय यात्रा के दौरान सासाराम आई थीं। उस समय चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा था कि पार्टी फैसला करेगी, लेकिन आज उन्होंने खुद चुनाव ना लड़ने की घोषणा की हैं।
बता दें कि मीरा कुमार के बेटे अंशुल अविजित किसी सामान्य सीट से चुनाव लड़ सकते हैं, लेकिन अभी इसकी घोषणा पार्टी की ओर से नहीं की गई है। अंशुल सामान्य वर्ग से हैं, इसलिए सासाराम सुरक्षित लोकसभा क्षेत्र से वे उम्मीदवार नहीं हो सकते हैं।
मीरा कुमार ने सासाराम से 2004 और 2009 में लोकसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। 2004 में वे केंद्रीय मंत्री बनी थी। वहीं, 2009 में देश की प्रथम महिला लोकसभा अध्यक्ष बनी थीं, लेकिन 2014 और 2019 में वे सासाराम में भाजपा उम्मीदवार छेदी पासवान से हार गई। इस बार फिर उम्मीद जताई जा रही थी कि वे अपनी परंपरागत सीट सासाराम से चुनाव लड़ेंगी, लेकिन आज उन्होंने चुनाव ना लड़ने की घोषणा कर दी। मीरा कुमार के पिता जगजीवन राम भी सासाराम लोकसभा से लगातार आठ बार सांसद रहे थे।