RTPS काउंटर पर फर्जीवाड़ा: आवेदक का नाम बुलेट, पिता फॉर्चुनर और मां डिफेंडर,पहचान के लिए लगाई रॉयल एनफील्ड की फोटो- जाने पूरा मामला
Gaya: गया जिले के डोभी अंचल कार्यालय में दो अजीबोगरीब और संदिग्ध आवेदन सामने आए हैं। ये आवेदन बिहार लोक सेवाओं के अधिकार अधिनियम के तहत संचालित RTPS काउंटर पर जमा किए गए थे।
पहला आवेदन 15 अगस्त 2025 को किया गया था। इसमें आवेदक का नाम बुलेट, पिता का नाम फॉर्चुनर और माता का नाम डिफेंडर लिखा गया है। पते के तौर पर कोठवारा गांव (पचरतन पंचायत) दर्ज है। साक्ष्य के लिए रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल की तस्वीर लगाई गई थी।

दूसरा आवेदन 19 अगस्त 2025 का है। इसमें आवेदक का नाम हवाझुझ, पिता का नाम किसी क्विज और माता का नाम भाव क्विज लिखा गया है। इसमें पता मुसेहना वार्ड संख्या 7, कुरमांवा पंचायत का दिया गया है। इस आवेदन में प्रमाण के रूप में कुशल युवा कार्यक्रम का विज्ञापन लगाया गया था।
राजस्व कर्मियों की जांच में पाया गया कि दोनों आवेदन जानबूझकर गलत जानकारी और फर्जी दस्तावेजों के साथ दाखिल किए गए हैं। अधिकारियों का मानना है कि इनका मकसद सरकार और सरकारी तंत्र की छवि खराब करना था।

डोभी अंचल अधिकारी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अंचल कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि फर्जी आवेदन देने वालों और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान की जाएगी तथा उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।







