राजनीति से अब मनोरंजन की दुनिया में तेज प्रताप यादव, ‘भोजपुरी बवाल’ में दिखेगा नया अंदाज
Tej pratap yadav: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव अब छोटे पर्दे पर भी नजर आने वाले हैं। अपने अलग अंदाज और बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले तेज प्रताप भोजपुरी रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ का हिस्सा बने हैं। यह शो 2 अगस्त से जियो हॉटस्टार और कलर्स पर प्रसारित होगा।
हाल ही में शो का प्रोमो जारी किया गया है, जिसमें तेज प्रताप यादव के साथ भोजपुरी फिल्म जगत के कई चर्चित चेहरे दिखाई दे रहे हैं। इनमें अभिनेता और गायक पवन सिंह, सांसद-अभिनेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, अभिनेत्री आम्रपाली दुबे और काजल राघवानी शामिल हैं।
प्रोमो में दिखी दिलचस्प बातचीत
शो के प्रोमो में सभी प्रतिभागी एक गोल मेज पर बैठे नजर आते हैं। बातचीत के दौरान आम्रपाली दुबे पूछती हैं, “करना क्या है?” जिस पर पवन सिंह जवाब देते हैं, “कुछ नया किया जाए।”
इसी बीच काजल राघवानी तेज प्रताप यादव और पवन सिंह के रिश्तों को लेकर सवाल करती हैं। वह कहती हैं कि उन्होंने सुना है कि दोनों के संबंध अच्छे नहीं हैं। इस पर तेज प्रताप यादव जवाब देते हैं, “चंद लोग हमारा नाम खराब करते हैं…” इसके बाद प्रोमो में कई और दिलचस्प झलकियां दिखाई गई हैं, जिससे शो को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया प्रोमो
तेज प्रताप यादव ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल ‘TY Vlog’ के जरिए शो का प्रोमो साझा करते हुए लिखा कि ‘भोजपुरी बवाल’ भोजपुरी मनोरंजन की दुनिया में एक नया धमाका लेकर आने वाला है। उन्होंने दर्शकों से शो के लिए तैयार रहने की अपील करते हुए लिखा कि असली बवाल अभी बाकी है।
राजनीति के साथ मनोरंजन का नया सफर
तेज प्रताप यादव अक्सर अपने अलग अंदाज, धार्मिक आस्था और सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। अब पहली बार किसी बड़े भोजपुरी रियलिटी शो में उनकी मौजूदगी चर्चा का विषय बनी हुई है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि राजनीति के बाद मनोरंजन के मंच पर तेज प्रताप यादव किस अंदाज में दर्शकों का मनोरंजन करते हैं।







