Newshaat_Logo

गैस सिलेंडर बुकिंग ठप! Indane सर्वर बैठा, लाखों उपभोक्ता परेशान

 
Gas
Bihar news: देश भर में रसोई गैस का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को बुधवार को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। गैस कंपनी Indane का सिलेंडर बुकिंग सिस्टम अचानक तकनीकी समस्या के कारण ठप हो गया। इसका असर यह हुआ कि लाखों लोग चाहकर भी अपना गैस सिलेंडर बुक नहीं कर पाए।

बताया जा रहा है कि अचानक कॉल्स और बुकिंग रिक्वेस्ट की संख्या बहुत ज्यादा बढ़ने से सर्वर पर भारी दबाव पड़ गया, जिसके कारण सिस्टम कुछ समय के लिए क्रैश हो गया। इसका असर IVRS, मिस्ड कॉल सेवा, मोबाइल ऐप और वेबसाइट सभी प्लेटफॉर्म पर देखा गया।

अचानक बढ़ी कॉल्स से सिस्टम पर दबाव

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सामान्य दिनों की तुलना में गैस बुकिंग के लिए आने वाली कॉल्स 8 से 10 गुना तक बढ़ गईं। इतनी बड़ी संख्या में कॉल आने से पूरा सिस्टम दबाव में आ गया और कई उपभोक्ताओं को बुकिंग के लिए कनेक्ट होने में दिक्कत होने लगी।

कंपनी की ओर से डीलरों को भेजे गए संदेश में भी कहा गया कि कॉल ट्रैफिक अचानक बढ़ने की वजह से कई ग्राहकों की बुकिंग प्रक्रिया प्रभावित हुई है।

एजेंसियों के बाहर लगी भीड़

तकनीकी समस्या के कारण कई शहरों में लोग ऑनलाइन या फोन से गैस बुक नहीं कर पाए। इसके बाद बड़ी संख्या में उपभोक्ता सीधे गैस एजेंसियों के कार्यालय पहुंच गए। कई जगहों पर एजेंसियों के बाहर लंबी लाइनें और भीड़ देखने को मिली।

सिलेंडर बुकिंग को लेकर नया नियम

इसी बीच सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग को लेकर एक नया नियम भी लागू किया है। अब एक सिलेंडर बुक करने के बाद दूसरा सिलेंडर बुक करने के लिए कम से कम 25 दिन का इंतजार करना होगा। पहले यह समय सीमा 21 दिन थी।

सरकार का कहना है कि इस नियम का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी उपभोक्ता जरूरत से ज्यादा गैस सिलेंडर बुक न करे और सभी लोगों को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।

फिलहाल कंपनी तकनीकी समस्या को ठीक करने में जुटी है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही बुकिंग सेवाएं सामान्य हो जाएंगी।