गया में पेयजल संकट पर विधानसभा अध्यक्ष सख्त, उपमुख्यमंत्री को लिखा पत्र, कहा- शहरवासियों को पानी से वंचित नहीं रहने दूंगा
Bihar news: गया शहर में बीते कुछ दिनों से गहराए पेयजल संकट को लेकर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। गया जी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गया टाउन में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद उन्होंने नगर निगम के उपायुक्त से सीधे बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली।
नगर निगम उपायुक्त ने विधानसभा अध्यक्ष को बताया कि गया शहर की जलापूर्ति व्यवस्था पहले बुडको (बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम) के जिम्मे थी, लेकिन बुडको का टेंडर जून महीने में ही समाप्त हो चुका है। इसके बाद जलापूर्ति का कार्य नगर निगम को हस्तांतरित तो कर दिया गया, लेकिन विभागीय दिशा-निर्देश और तकनीकी मार्गदर्शन नहीं मिलने के कारण नगर निगम इसे पूरी तरह संभाल नहीं सका, जिससे शहर में पानी की आपूर्ति बाधित हो गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉ. प्रेम कुमार ने त्वरित पहल करते हुए विभागीय मंत्री सह उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा को पत्र लिखकर गया नगर निगम को पेयजल आपूर्ति, संचालन और रखरखाव से जुड़ा स्पष्ट मार्गदर्शन शीघ्र देने का आग्रह किया है।
विधानसभा अध्यक्ष ने यह भी बताया कि जलापूर्ति से जुड़े कर्मियों के हड़ताल पर चले जाने से हालात और बिगड़ गए थे। हालांकि जिलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर तत्काल हस्तक्षेप कराया गया, जिसके बाद फिलहाल शहर में पानी की आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
डॉ. प्रेम कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि गया शहर के नागरिकों को निर्बाध और सुचारु पेयजल उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए प्रशासनिक और विभागीय स्तर पर हर जरूरी कदम उठाया जाएगा।







