गया नगर निगम के "सहयोग शिविर' का दिखा सकारात्मक असर, चार वार्डों के 15 दिनों में 112 शिकायतें प्राप्त, 94 मामलों का हुआ निष्पादन
Gaya News: आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से गया नगर निगम द्वारा वार्ड संख्या 1 से 4 तक आयोजित 15 दिवसीय सहयोग शिविर का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। चार वार्डों में लगे शिविर के दौरान विभिन्न समस्याओं से संबंधित कुल 112 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 94 मामलों का निष्पादन कर लोगों को राहत प्रदान की गई। वहीं शेष 18 आवेदन, जो आज के ही तारीख में प्राप्त हुए हैं, उन्हें समयबद्ध निष्पादन के लिए संबंधित शाखाओं को अग्रसारित कर दिया गया है।
नगर निगम के नगर आयुक्त श्री अभिषेक पलासिया ने बताया कि नगर निगम के चार वार्डों में 15 दिनों तक आयोजित "सहयोग शिविर" में वार्ड संख्या-1 में सबसे अधिक 43 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 39 मामलों का निष्पादन कर दिया गया है, जबकि शेष 4 मामलों पर कार्रवाई जारी है। वार्ड संख्या-2 में कुल 11 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 9 का समाधान कर दिया गया है और 2 मामलों का शीघ्र निपटारा किया जाएगा।
इसी प्रकार वार्ड संख्या-3 में 22 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 15 का निष्पादन किया जा चुका है। शेष 7 आवेदनों पर भी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। वहीं वार्ड संख्या-4 में कुल 36 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 31 मामलों का समाधान कर दिया गया है, जबकि 5 आवेदनों के निष्पादन की प्रक्रिया चल रही है।
उन्होंने बताया कि "सहयोग शिविर' का उद्देश्य नागरिकों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सुगम और प्रभावी व्यवस्था उपलब्ध कराना है। शिविर के माध्यम से विभिन्न जनसमस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है, ताकि आम लोगों को त्वरित राहत मिल सके।
बता दें कि नगर निगम का यह प्रयास नागरिकों के बीच सराहना का विषय बना हुआ है और लोगों ने इस पहल को जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।







