Newshaat_Logo

Gaya News: 14-15 सितंबर को लगेगा ‘Infra Built Expo 2026’, आधुनिक निर्माण तकनीक का दिखेगा नया अंदाज

Gayaji:  Architects & Engineers Association, Gaya की ओर से 14 और 15 सितंबर को होटल घराना ट्री में ‘Infra Built Expo 2026’ का आयोजन किया जाएगा. एक्सपो का उद्घाटन बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार और कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा करेंगे. कार्यक्रम में भवन निर्माण सामग्री, आधुनिक तकनीक और नए प्रोडक्ट्स की प्रदर्शनी के साथ तकनीकी प्रस्तुतियां, सेमिनार और विशेष संवाद सत्र होंगे.
 
 
GAYAJI

गया से धीरज सिन्हा की रिपोर्ट

Gayaji:  गया के भवन निर्माण और शहरी विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से Architects & Engineers Association, Gaya, Bihar की ओर से ‘Infra Built Expo 2026’ का आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय यह एक्सपो 14 और 15 सितंबर को होटल घराना ट्री में आयोजित होगा। आयोजन का उद्घाटन बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार और कृषि मंत्री विजय सिन्हा करेंगे।

GAYA

एक्सपो की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को महारानी पेट्रोल पंप के समीप संगठन की ओर से प्रेस वार्ता की गई। इसमें पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की रूपरेखा, उद्देश्य और इसके जरिए गयाजी के विकास को लेकर संगठन की सोच की जानकारी दी।

भवन निर्माण सामग्री और नई तकनीक की लगेगी प्रदर्शनी

संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार, ‘Infra Built Expo 2026’ में भवन निर्माण सामग्री की प्रदर्शनी के साथ तकनीकी प्रस्तुतियां, सेमिनार और विशेष संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे। विभिन्न कंपनियों की ओर से आधुनिक निर्माण सामग्री और तकनीक से जुड़े स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

एक्सपो में आर्किटेक्ट्स, इंजीनियर्स, बिल्डर्स, डेवलपर्स, निर्माण क्षेत्र के विशेषज्ञों और भवन निर्माण सामग्री से जुड़ी कंपनियों को एक साझा मंच मिलेगा। कंपनियां अपने आधुनिक उत्पादों और नई तकनीकों की जानकारी देंगी, जबकि विशेषज्ञ सुरक्षित, टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण निर्माण को लेकर चर्चा करेंगे।

ईंट-सीमेंट से आगे तकनीक और गुणवत्ता पर जोर

संगठन के सदस्यों ने कहा कि आज के समय में भवन निर्माण केवल ईंट, सीमेंट और सरिया तक सीमित नहीं है। सुरक्षित और टिकाऊ इमारतों के लिए आधुनिक तकनीक, गुणवत्तापूर्ण सामग्री, बेहतर प्लानिंग और वैज्ञानिक दृष्टिकोण जरूरी है।

एक्सपो के माध्यम से आम लोगों को भी नई निर्माण तकनीकों और सामग्रियों के बारे में जानकारी देने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वे अपने घर या अन्य भवनों के निर्माण में बेहतर विकल्पों का इस्तेमाल कर सकें।

धार्मिक पहचान के साथ आधुनिक विकास की मिसाल बने गयाजी

Architects & Engineers Association का कहना है कि गयाजी धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान के साथ-साथ आधुनिक, सुंदर, सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित शहर के रूप में भी अपनी नई पहचान बना सकता है।

ज्ञान और तप की भूमि गयाजी में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। संगठन का मानना है कि यहां आने वाले पर्यटक शहर की संस्कृति और परंपरा के साथ-साथ इसके आधुनिक स्वरूप और विकास को भी याद रखें।

इसके लिए सुनियोजित शहरी विकास, बेहतर आधारभूत संरचना और गुणवत्तापूर्ण निर्माण पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

स्थानीय आर्किटेक्ट्स और इंजीनियर्स की विशेषज्ञता के इस्तेमाल पर जोर

पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार की शहरी विकास परियोजनाओं को बेहतर तरीके से लागू करने में स्थानीय आर्किटेक्ट्स और इंजीनियर्स की विशेषज्ञता का उपयोग किया जाना चाहिए।

स्थानीय विशेषज्ञ शहर की भौगोलिक परिस्थितियों, मौजूदा जरूरतों और भविष्य की आवश्यकताओं को बेहतर तरीके से समझते हैं। ऐसे में सरकार, अभियंताओं और निर्माण सामग्री से जुड़ी कंपनियों के बीच बेहतर समन्वय से गयाजी के विकास को नई गति मिल सकती है।

‘संस्कृति, विरासत और आधुनिक विकास का संगम बने गयाजी’

संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि ‘Infra Built Expo 2026’ का लक्ष्य केवल भवन निर्माण को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि गयाजी के समग्र विकास को लेकर संवाद और सहयोग का मंच तैयार करना है।

उनका कहना है कि लक्ष्य ऐसा गयाजी बनाना है, जहां आने वाला हर व्यक्ति यह महसूस करे कि यह सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि संस्कृति, विरासत और आधुनिक विकास का अनूठा संगम है। इसी सोच के साथ एक्सपो का आयोजन किया जा रहा है।

प्रेस वार्ता में ये लोग रहे मौजूद

प्रेस वार्ता में संगठन के अध्यक्ष बिनय कुमार सिन्हा, सदस्य मनीष कुमार, प्रशांत सिन्हा, विजय कुमार सिन्हा, सुनील कुमार शर्मा, रजनीश सिन्हा, शशि कुमार, अभय त्यागी, सुशील के. सिन्हा, संतोष के. सिन्हा और वसीम रजा समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।