Newshaat_Logo

Gaya News: गुरपा पर्वत पर आसमानी आफत, वज्रपात से युवक की मौत; दो दर्जन लोग घायल

 
Gaya News: गुरपा पर्वत पर आसमानी आफत, वज्रपात से युवक की मौत; दो दर्जन लोग घायल

Bihar weather update: गया के गुरपा पर्वत पर शनिवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ली और तेज बारिश के बीच हुए वज्रपात ने एक युवक की जान ले ली। बिजली गिरने की इस घटना में करीब दो दर्जन लोगों के घायल होने की सूचना है। हादसा पर्वत की चोटी के पास हुआ, जहां बारिश से बचने के लिए बड़ी संख्या में लोग पेड़ और पहाड़ की खोह के आसपास रुके हुए थे।

मृतक की पहचान 26 वर्षीय विकास कुमार उर्फ निवास, निवासी छत्तीसा, थाना बेलागंज के रूप में हुई है। घटना के बाद पर्वत पर कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई। घायलों की चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा।

बारिश से बचने के दौरान गिरी बिजली

बताया जा रहा है कि शनिवार को गुरपा पर्वत पर काफी लोग मौजूद थे। दोपहर में अचानक बारिश शुरू होने के बाद कई लोग सुरक्षित जगह की तलाश में पेड़ और पहाड़ की छोटी गुफा यानी खोह के पास चले गए।

इसी दौरान तेज गर्जना के साथ अचानक बिजली गिरी। देखते ही देखते वहां मौजूद कई लोग इसकी चपेट में आ गए। वज्रपात इतना तेज था कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे में ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की बात सामने आई है।

सरकारी कर्मियों ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलते ही पर्वत पर मौजूद सरकारी कर्मियों ने राहत कार्य शुरू कर दिया। घायलों को संभालने के साथ ही बीडीओ और स्थानीय थाना पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर बीडीओ और गुरपा थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके के पास पहुंचे। इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर को अलर्ट करते हुए एंबुलेंस भेजने की व्यवस्था की गई।

चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार, डीपीएम नीलेश कुमार और जनऔषधि संचालक समर की पहल पर टनकुप्पा और वजीरगंज से एंबुलेंस गुरपा के लिए रवाना की गईं।

घायलों को कंधे पर लेकर नीचे लाए लोग

पर्वत की ऊंचाई और रास्ते की मुश्किलों के कारण राहत दल के सामने घायलों को नीचे लाने की चुनौती थी। कई घायल खुद चलने की स्थिति में नहीं थे। ऐसे में स्थानीय लोगों ने आगे बढ़कर मदद की।

कई लोगों ने मिलकर घायलों को कंधे और सहारे के जरिए पहाड़ की चोटी से नीचे पहुंचाया। इसके बाद एंबुलेंस से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर भेजा गया।

अस्पताल पहुंचते ही स्वास्थ्यकर्मियों ने घायलों का इलाज शुरू किया। कुछ ही समय में अस्पताल परिसर में घायल लोगों और उनके परिजनों की भीड़ जुट गई।

जिस जगह को समझा सुरक्षित, वहीं हुआ हादसा

गुरपा पर्वत पर हुई यह घटना खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की गंभीर चेतावनी भी देती है। बारिश से बचने के लिए लोग जिस पेड़ और खोह के आसपास खुद को सुरक्षित समझकर रुके थे, वहीं अचानक वज्रपात ने एक परिवार में मातम और दर्जनों लोगों में दहशत पैदा कर दी।

घटना के बाद प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि तेज बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान पहाड़ी, खुले स्थानों तथा पेड़ों के नीचे रुकने से बचें और मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।