Newshaat_Logo

गयाजी के सफाई कर्मियों को मिला सम्मान, मेयर ने जमकर की मेहनत की तारीफ

Gayaji:  ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत गया नगर निगम कार्यालय में रविवार को उत्कृष्ट कार्य करने वाले 31 सफाई कर्मियों को सम्मानित किया गया. इनमें 12 महिला और 19 पुरुष कर्मी शामिल हैं. डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण समेत सफाई कार्य में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मियों को मेयर डॉ. वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य मोहन श्रीवास्तव और नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार ने सम्मानित किया.
 
GAYA JI

गया से धीरज सिन्हा की रिपोर्ट

Gayaji: ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत गया नगर निगम की ओर से रविवार को नगर निगम कार्यालय में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई कर्मियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 31 सफाई कर्मियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया। इनमें 12 महिला और 19 पुरुष सफाई कर्मी शामिल रहे।

GAYA

कार्यक्रम में गया नगर निगम के मेयर डॉ. वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव और नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार ने सफाई कर्मियों को सम्मानित किया। सम्मानित कर्मियों ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण समेत शहर की सफाई व्यवस्था में बेहतर कार्य किया है।

सफाई कर्मियों की सेवा मानवता की सेवा: मेयर

मेयर डॉ. वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान ने सफाई कर्मियों की मेहनत और योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सफाई कर्मियों की सेवा मानवता की सेवा है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी, बारिश और अन्य प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद सफाई कर्मी लगातार शहर को स्वच्छ रखने के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं।

GAYA

उन्होंने कोरोना काल का जिक्र करते हुए कहा कि उस कठिन दौर में भी सफाई कर्मियों ने योद्धाओं की तरह अपनी जिम्मेदारी निभाई थी। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

मेयर ने कहा कि सफाई कर्मियों के अथक प्रयासों का परिणाम है कि गया नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में बिहार में लगातार तीन बार पहला स्थान प्राप्त हुआ है। उन्होंने सभी ‘सफाई योद्धाओं’ का उत्साहवर्धन करते हुए इसी तरह जिम्मेदारी और समर्पण के साथ काम करने की अपील की।

शहर की स्वच्छता व्यवस्था में सफाई कर्मियों की अहम भूमिका

सशक्त स्थायी समिति के सदस्य अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने भी सफाई कर्मियों के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में सफाई कर्मियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों की नियमित मेहनत के कारण शहर की सफाई व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती है और लोगों को बेहतर वातावरण उपलब्ध होता है।

‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तीसरे दिन हुआ सम्मान

नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार ने बताया कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तीसरे दिन सफाई कर्मियों को सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ गयाजी के निर्माण में सफाई कर्मियों का योगदान अतुलनीय है।

नगर आयुक्त ने कहा कि सफाई कर्मियों की मेहनत के कारण शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण मिल रहा है। यदि सफाई कर्मी एक दिन भी काम नहीं करें तो शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो सकती है और जगह-जगह गंदगी एवं दुर्गंध की समस्या उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में उनके योगदान को सम्मान देना पूरे शहर की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता पदाधिकारी चंदन कुमार, शुभम कुमार, चंद्र मोहन उर्फ चिंटू समेत नगर निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। इस अवसर पर सम्मानित सफाई कर्मियों ने भी सम्मान मिलने पर खुशी जताई।