Newshaat_Logo

बगहा के मदरसे में बेटियों का जलवा: वार्षिक परीक्षा में अव्वल छात्राओं का सम्मान, खुशी से झूम उठा परिसर

 
बगहा के मदरसे में बेटियों का जलवा: वार्षिक परीक्षा में अव्वल छात्राओं का सम्मान, खुशी से झूम उठा परिसर
Bihar news: पश्चिम चंपारण जिले के बगहा स्थित नगर परिषद वार्ड नंबर 24, मस्तान टोला में मदरसा इस्लामिया खानकाह में वार्षिक परीक्षा परिणाम की घोषणा उत्साह और उल्लास के बीच की गई। इस खास मौके पर बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया गया।

मदरसा प्रबंधन समिति द्वारा आयोजित इस समारोह में मेधावी छात्राओं को मोमेंटो और वार्षिक मार्कशीट देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था, वहीं अभिभावकों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी ने माहौल को और खास बना दिया।

मदरसा के सचिव नुरुल्लाह अंसारी ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे सम्मान समारोह बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उन्हें आगे बेहतर करने की प्रेरणा देते हैं। वहीं हेड मौलवी मोहम्मद नूरुल होदा ने खास तौर पर छात्राओं के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस वर्ष बेटियों ने शानदार उपलब्धि हासिल की है और वे भविष्य में देश का नाम रोशन करेंगी।

कार्यक्रम में अध्यक्ष रत्नवीर साहब समेत कमेटी के सदस्य अख्तर, शकील, जावेद, जलालुद्दीन, अकमल, एजाज और अलाउद्दीन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान बच्चों के बीच इनाम भी वितरित किए गए और शिक्षकों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

यह आयोजन न सिर्फ रिजल्ट घोषणा तक सीमित रहा, बल्कि बच्चों के हौसले और सपनों को नई उड़ान देने वाला प्रेरणादायक मंच बन गया।

रिपोर्ट: आशीष कुमार, बगहा