Newshaat_Logo

GeM पर कारोबार का सुनहरा मौका: बिहार चैम्बर में वर्कशॉप, व्यापारियों को दी गई डिजिटल बाजार की पूरी जानकारी

 
GeM पर कारोबार का सुनहरा मौका: बिहार चैम्बर में वर्कशॉप, व्यापारियों को दी गई डिजिटल बाजार की पूरी जानकारी
Bihar news: बिहार के व्यापारियों और उद्यमियों को डिजिटल मार्केट से जोड़ने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज में गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) पर संगोष्ठी-सह-कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में GeM से आए अधिकारियों ने पोर्टल की उपयोगिता, फायदे और इससे जुड़ने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया।

चैम्बर अध्यक्ष पी.के. अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस भारत सरकार द्वारा अगस्त 2016 में शुरू किया गया एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म है, जो सरकारी विभागों की खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और आसान बनाता है। उन्होंने कहा कि इस प्लेटफॉर्म के जरिए व्यापारी सीधे सरकार को अपने प्रोडक्ट और सेवाएं बेच सकते हैं, जिससे कारोबार के नए अवसर खुलते हैं।

प्रेजेंटेशन से समझाया पूरा सिस्टम

कार्यक्रम में चैम्बर की क्रय वरीयता नीति उपसमिति के चेयरमैन मुकेश कुमार ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के जरिए GeM का बेसिक परिचय दिया। इसके बाद GeM टीम के अधिकारियों आशुतोष कुमार (उप निदेशक), शिवांक कुमार और सत्यम कुमार ने पोर्टल से जुड़ी बारीकियों पर विस्तार से चर्चा की।

उप निदेशक ने बताया कि GeM से जुड़ी किसी भी समस्या या सुझाव के लिए उनका कार्यालय पुराने सचिवालय के वित्त विभाग में उपलब्ध है, जहां सीधे संपर्क किया जा सकता है।

ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन और लाइव डेमो

ट्रेनर सत्यम कुमार ने कार्यशाला के दौरान लाइव डेमो देकर बताया कि GeM पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कैसे किया जाता है। उन्होंने कुछ सदस्यों का ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन कर पूरी प्रक्रिया को आसान भाषा में समझाया।

उन्होंने बताया कि रजिस्ट्रेशन के लिए पैन कार्ड, आधार, उद्यम आधार नंबर, ईमेल आईडी और बैंक डिटेल्स जरूरी हैं। सबसे महत्वपूर्ण आधार से लिंक मोबाइल नंबर है, जिस पर आने वाले OTP के बिना रजिस्ट्रेशन पूरा नहीं हो सकता। साथ ही, प्रोडक्ट बेचने के लिए प्रोफाइल अपडेट और कैटलॉग क्रिएशन अनिवार्य है।

वेंडर असेसमेंट से बढ़ेगा भरोसा

कार्यशाला में वेंडर असेसमेंट की प्रक्रिया पर भी प्रकाश डाला गया, जिससे प्रोडक्ट को प्रमाणित कर उसकी विश्वसनीयता बढ़ाई जा सकती है।

इस मौके पर चैम्बर के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में उद्यमी व व्यवसायी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़कर उन्हें सरकारी खरीद प्रक्रिया में भागीदार बनाना था।

यह कार्यशाला व्यापारियों के लिए GeM के जरिए अपने कारोबार को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।