Newshaat_Logo

गोपालगंज के जेडीयू विधायक पप्पू पांडेय पर शिकंजा कसता हुआ, 16 एकड़ जमीन कब्जा मामले की जांच अब CID के हवाले

 
गोपालगंज के जेडीयू विधायक पप्पू पांडेय पर शिकंजा कसता हुआ, 16 एकड़ जमीन कब्जा मामले की जांच अब CID के हवाले
Bihar News: बिहार की राजनीति में हलचल मचाने वाला गोपालगंज जमीन कब्जा मामला अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। कुचायकोट से जेडीयू विधायक अमरेंद्र कुमार उर्फ पप्पू पांडेय और उनके करीबी लोगों पर लगे गंभीर आरोपों की जांच अब अपराध अनुसंधान विभाग (CID) करेगा। बिहार सरकार द्वारा केस सीआईडी को सौंपे जाने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

पूरा मामला गोपालगंज जिले के बेलवा गांव से जुड़ा है, जहां विधायक और उनके सहयोगियों पर करीब 16 एकड़ जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश का आरोप लगा है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि विरोध करने पर उन्हें धमकाया गया और जान से मारने तक की चेतावनी दी गई।

इस मामले में विधायक के भाई सतीश पांडेय समेत सात लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपियों पर जमीन कब्जा, रंगदारी, दबाव बनाने और संगठित अपराध से जुड़ी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने इसकी जांच सीआईडी को सौंप दी है। अब तक जुटाए गए दस्तावेज, केस डायरी और अन्य सबूत अपराध अनुसंधान विभाग को ट्रांसफर किए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि सीआईडी की एंट्री के बाद जांच का दायरा और बड़ा हो सकता है।

उधर गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए विधायक की ओर से एमपी-एमएलए कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की गई थी। इस मामले में वरिष्ठ अधिवक्ता और राज्यसभा सांसद मनन मिश्रा भी पैरवी कर चुके हैं। हालांकि फिलहाल विधायक को अदालत से अंतरिम राहत मिली है, लेकिन जांच एजेंसी की सक्रियता ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बिहार में बाहुबली नेताओं और जमीन कब्जा मामलों पर सरकार की सख्ती के बीच यह केस आने वाले दिनों में बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन सकता है। अब सबकी नजर सीआईडी जांच पर टिकी है कि आखिर इस हाई-प्रोफाइल मामले में आगे क्या खुलासे होते हैं।