Newshaat_Logo

गोरखपुर को जलभराव से मिलेगी राहत! CM योगी बोले- ‘गोड़धोइया नाला बनेगा शहर की नई लाइफलाइन’

 
गोरखपुर को जलभराव से मिलेगी राहत! CM योगी बोले- ‘गोड़धोइया नाला बनेगा शहर की नई लाइफलाइन’
Bihar news: योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर दौरे के दौरान गोड़धोइया नाला पुनरोद्धार परियोजना को शहर के विकास का बड़ा मॉडल बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना सिर्फ जल निकासी तक सीमित नहीं है, बल्कि गोरखपुर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

सीएम योगी ने दावा किया कि 15 जून तक परियोजना का काम पूरा कर इसे जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। इससे शहर के उत्तरी हिस्से में रहने वाली करीब 5 लाख आबादी को सीधे तौर पर राहत मिलेगी। बरसात के दिनों में जिन इलाकों में थोड़ी बारिश के बाद ही जलजमाव हो जाता था, वहां अब आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम तैयार किया जा रहा है।

गंदे नाले से हाईटेक ड्रेनेज सिस्टम तक का सफर

मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी बदबू और गंदगी का बड़ा कारण बन चुका गोड़धोइया नाला अब वैज्ञानिक तरीके से विकसित किया जा रहा है। इस पूरे सिस्टम को इस तरह डिजाइन किया गया है कि सीवर और ड्रेनेज लाइनें अलग-अलग संचालित हों और केवल साफ पानी का प्रवाह हो सके।

उन्होंने बताया कि करीब साढ़े नौ किलोमीटर लंबे और साढ़े नौ मीटर चौड़े आरसीसी नाले के जरिए शहर का पानी तेजी से राप्ती नदी तक पहुंचाया जाएगा। परियोजना के तहत दोनों किनारों पर सड़क और सर्विस लेन भी बनाई जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

14 ब्रिज, सीवेज प्लांट और पंपिंग स्टेशन भी तैयार

सीएम योगी ने बताया कि सुरक्षा और यातायात सुविधा को ध्यान में रखते हुए नाले पर 14 ब्रिज और कल्वर्ट बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा 35 एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और पंपिंग स्टेशन भी तैयार किया गया है।

उन्होंने कहा कि सीवर लाइन से जुड़े कुछ अंतिम कार्य अगले 15-20 दिनों में पूरे कर लिए जाएंगे। सरकार गोरखपुर को आधुनिक शहरी सुविधाओं, बेहतर ट्रांसपोर्ट कनेक्टिविटी और नई अर्थव्यवस्था से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है।

स्वच्छ गोरखपुर अभियान में जनता से मांगा सहयोग

मुख्यमंत्री ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि नालों और नदियों में प्लास्टिक, पॉलीथिन और घरेलू कचरा फेंकने की आदत छोड़नी होगी। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से ही गोरखपुर को आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर शहर बनाया जा सकता है।

निरीक्षण के दौरान सांसद रवि किशन, महापौर और कई प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।