Movie prime

राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर बिहार दिवस के अवसर पर बोले- बिहार के लोग मेधावी और कार्यकुशल हैं

 
 राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने बिहार दिवस के अवसर पर राजभवन के राजेन्द्र मंडप में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार के लोग मेधावी और कार्यकुशल हैं। वे पूरी दुनिया में अपनी क्षमता के लिए जाने जाते हैं। वे मिलनसार हैं तथा दूसरों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहते हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार के लोग देश और दुनिया के हर क्षेत्र में रहते हैं। उन्हें बिहार के दूत के रूप में इस राज्य की सकारात्मक छवि बाहर के लोगों के सामने रखना चाहिए। बिहार के प्रत्येक व्यक्ति की विशेषताएँ बिहार की विशेषताएँ हैं। हमें बिहार दिवस के पावन अवसर पर इस राज्य की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को ध्यान में रखते हुए
वर्तमान को सँवारकर सुनहरे भविष्य की मजबूत नींव रखने का संकल्प लेना चाहिए। राज्यपाल ने कहा कि भारत जब एक होता है. तब यह श्रेष्ठ होता है। हम सभी भारतवासी एक हैं। भारत की विविधतापूर्ण संस्कृति की अनेक छटाएँ हैं परन्तु हमारी संस्कृति एक है, हम एक हैं, हमारा विचार एक है और हमारा देश एक है.
इस अवसर पर राज्यपाल ने भारतमाता के चित्र पर माल्यार्पण किया। पटना एवं पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा बिहार की संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति भी की गई.
कार्यक्रम में केन्द्र एवं राज्य सरकार के वरीय पदाधिकारीगण, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपतिगण, राज्यपाल के प्रधान सचिव रॉबर्ट एल० चोंग्यू राज्यपाल सचिवालय के पदाधिकारीगण एवं कर्मीगण तथा अन्य लोग उपस्थित थे.