Movie prime

राज्यपाल ने “सदन में सुशील मोदी” पुस्तक का किया लोकार्पण, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजय पासवान हैं लेखक

 

आज राजभवन में बिहार के महामहिम राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉक्टर संजय पासवान द्वारा लिखित पुस्तक सदन में सुशील मोदी का लोकार्पण किया। इस पुस्तक में डॉक्टर संजय पासवान ने कम समय में स्वर्गीय सुशील मोदी की संक्षिप्त जीवनी और सदन में महत्वपूर्ण अवसर पर उनके द्वारा दिए गए भाषणों को संकलित किया है। लोकार्पण समारोह में समाज के अनेकों बुद्धिजीवियों के अलावा भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री सुधीर शर्मा, राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रोफेसर गुरु प्रकाश पासवान, प्रोफेसर रिमझिम शील, प्रोफेसर प्रमांशी जयदेव, इरफान फातमी मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन पुस्तक के लेखक डॉक्टर संजय पासवान ने किया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि सुशील मोदी जी संघर्ष के प्रतीक तो थे ही ज्ञान पिपासु भी थे। वे आजीवन ज्ञान अर्जित करते रहे और उससे समाज को लाभान्वित करते रहे। एक विचारधारा से आजीवन जुड़कर भी वे सभी वादों से ऊपर थे। मेरा उनका संबंध 50 वर्षो का था। जो संस्कृति ज्ञान की धारा को अवरुद्ध कर देती है उसका क्षरण प्रारंभ हो जाता है। संजय जी ने सुशील जी के सभी पक्षों को कम समय में इस पुस्तक में रखने का प्रयास किया है जो प्रशंसनीय है।

अपने उद्बोधन में सुधीर शर्मा ने कहा कि सुशील मोदी जी का व्यक्तित्व बहुआयामी था. जिसमें ज्ञान, संघर्ष, संवेदनशीलता, विकासप्रियता सबकुछ समाहित था। हर विषय पर उनकी सोच व्यापक और वस्तुपरक होती थी।