पश्चिम चम्पारण में नवनिर्वाचित विधायकों का भव्य सम्मान समारोह; रेणु देवी, संजय जायसवाल और मंत्री नारायण साह ने कहा—“कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़, जीत का असली श्रेय उन्हीं को”
West Champaran News: पश्चिम चम्पारण के मेहंदिया बाड़ी स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आज नवनिर्वाचित विधायकों के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं लोकसभा सचेतक डॉ. संजय जायसवाल का जन्मदिन भी केक काटकर मनाया गया।
“कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़”- रेणु देवी
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने कहा कि भाजपा का आधार उसके कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा- “कार्यकर्ता नींव के समान होते हैं। उनके बिना कोई भी उम्मीदवार जीत हासिल नहीं कर सकता। यह जीत पूरी तरह कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा है।”
6 सीटों की जीत पर बोले संजय जायसवाल
लोकसभा सचेतक डॉ. संजय जायसवाल ने कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि भाजपा द्वारा हासिल की गई 6 सीटों की जीत कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और नरेंद्र मोदी–नीतीश कुमार की विकास नीतियों का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि पार्टी हर उस कार्यकर्ता की आभारी है, जिसने बूथ स्तर से लेकर चुनाव मैदान तक पूरी निष्ठा से योगदान दिया।
‘यह सम्मान हम नहीं, कार्यकर्ताओं का है’- आपदा मंत्री नारायण साह
बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन मंत्री नारायण साह ने भावुक होकर कहा- “आज मैं मंत्री पद तक पहुँचा हूँ तो इसका श्रेय सिर्फ और सिर्फ कार्यकर्ताओं को है। असली सम्मान उनका होना चाहिए।” उन्होंने आगे कहा कि जनता ने मोदी और नीतीश पर भरोसा करके जो जनादेश दिया है, अब नेताओं की जिम्मेदारी है कि वे उस विश्वास पर खरे उतरें।
रिपोर्ट: आशीष कुमार, बेतिया







